प्रगतिशील पाली अभियान, शहर में स्वच्छता का बड़ा एक्शन, 15 किलो पॉलीथिन जब्त, 9,400 रुपये का जुर्माना

पाली : जिला कलक्टर के निर्देशन में संचालित “प्रगतिशील पाली अभियान” के तहत नगर निगम ने शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ-साथ सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में नालियों की सफाई, कंटीली झाड़ियों और बबूल की कटाई, लंबे समय से जमा कचरे के ढेरों को हटाने तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग और ऑयल छिड़काव जैसी व्यापक कार्रवाई की गई।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक स्वच्छता निरीक्षक को अलग-अलग वार्डों की जिम्मेदारी सौंपकर दोपहर पारी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों और स्थानीय नागरिकों के सुझावों के आधार पर प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई करवाई गई, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 9 हजार 400 रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही 15 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त कर संबंधित लोगों को भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की चेतावनी और समझाइश दी गई। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

बरसात के मौसम को देखते हुए नगर निगम ने नालियों में पुराने ऑयल का छिड़काव कराया और विभिन्न क्षेत्रों में फॉगिंग करवाई, ताकि डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके।
स्वास्थ्य अधिकारी ने अभियान के दौरान वार्ड संख्या 19, 25, 40, 47 एवं 57 का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक प्रथम लोकेश जैन, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक दिलीप कुमार, स्वास्थ्य निरीक्षक, स्वास्थ्य जमादार तथा सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। कचरा नालियों या सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने के बजाय केवल कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें। यदि किसी क्षेत्र में कचरा वाहन नहीं पहुंचता है तो नागरिक 73000-25332 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
नगर निगम का कहना है कि “प्रगतिशील पाली अभियान” के तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य से जुड़े ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि पाली को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहर बनाया जा सके।



