google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

युवा तय करेंगे लोकतंत्र की दिशा, छात्राओं से बोले जिला निर्वाचन अधिकारी- हर पात्र मतदाता जरूर करे मतदान

पाली : श्रीमती गुमान बाई पन्नालाल भंसाली राजकीय कन्या महाविद्यालय में शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से स्वीप (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) गतिविधियों के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन एवं नाम हटाने सहित मतदान से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। अधिकारियों ने नव मतदाताओं को लोकतंत्र की मजबूती में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवा वर्ग न केवल स्वयं अपने मताधिकार का प्रयोग करे, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक एवं प्रेरित करे।

उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मत का प्रयोग पूरी जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने नव मतदाताओं से अपील की कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार के दबाव, प्रलोभन या प्रभाव में आए बिना अपने विवेक के आधार पर योग्य प्रतिनिधि का चयन करें।

डॉ. गोस्वामी ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती तभी संभव है, जब प्रत्येक पात्र नागरिक निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भागीदारी निभाए। युवा मतदाताओं की जागरूकता और सहभागिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान कर सकती है।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (नगर निगम) एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने महाविद्यालय की छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण करवाना और मतदान करना जरूरी है।

उन्होंने छात्राओं को नव मतदाता के रूप में पंजीकरण की प्रक्रिया समझाते हुए मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही छात्राओं को अपने परिवार और समाज के अन्य पात्र लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

जिला नोडल अधिकारी स्वीप गजेन्द्र सिंह नारलाई ने स्वीप के तहत जिले में संचालित विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रसन्न पंवार ने छात्राओं को मतदाता सूची से संबंधित महत्वपूर्ण प्रपत्रों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फॉर्म संख्या 6 के माध्यम से पात्र नागरिक नया नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं, जबकि फॉर्म संख्या 7 के माध्यम से नाम हटाने तथा फॉर्म संख्या 8 के माध्यम से मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन से संबंधित प्रक्रिया पूरी की जाती है।

उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचना चाहिए और यदि नाम दर्ज नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण करवाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने छात्राओं को मतदान के महत्व के साथ-साथ मतदाता सूची में नाम की जांच, नए मतदाताओं के पंजीकरण और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है।

इस अवसर पर ईआरओ कार्यालय पाली से सुरेश व्यास, रमेश अणकिया, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, डॉ. महेन्द्र कुमार, मुकेश पाणेचा एवं ईएलसी प्रभारी देवीलाल सहित महाविद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. महेन्द्र कुमार ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने मताधिकार के महत्व से परिचित कराया गया और शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button