google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

संविदा सफाईकर्मी भर्ती के नियमों पर भड़का राजस्थान सफाई मजदूर संघ, नई भर्ती गाइडलाइन जारी करने की मांग

पाली : राजस्थान सफाई मजदूर संघ की नवगठित जिला कार्यकारिणी एवं समाजबंधुओं की आवश्यक बैठक सोमवार को लोडिया तालाब स्थित यूनियन कार्यालय में प्रदेशाध्यक्ष मुकेश वर्मा के सानिध्य में आयोजित हुई। बैठक में संविदा सफाईकर्मी भर्ती में लागू नियमों को लेकर संगठन पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं ने सरकार के प्रति नाराजगी जताई। बैठक में भर्ती नियमों में संशोधन कर स्पष्ट एवं नई भर्ती गाइडलाइन जारी करने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।

बैठक की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों की मौजूदगी में नवगठित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को प्रदेशाध्यक्ष मुकेश वर्मा द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नवनियुक्त पदाधिकारियों का संगठन की ओर से माला पहनाकर एवं मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया गया।

वहीं जिला कार्यकारिणी की ओर से प्रदेशाध्यक्ष मुकेश वर्मा का साफा पहनाकर, माला एवं मोमेंटो भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और सफाईकर्मी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री नेमीचंद आदिवाल ने कहा कि पूरे राजस्थान में संविदा सफाईकर्मी भर्ती को लेकर विरोध की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में लागू किए गए नियमों को लेकर वाल्मीकि समाज में भारी आक्रोश है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि संविदा सफाईकर्मी भर्ती में लागू नियमों की समीक्षा कर आवश्यक संशोधन किए जाएं और अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नई एवं स्पष्ट भर्ती गाइडलाइन जारी की जाए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी एवं न्यायसंगत होनी चाहिए, ताकि सफाईकर्मी समाज के योग्य युवाओं को रोजगार का उचित अवसर मिल सके।

राजस्थान सफाई मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश वर्मा ने कहा कि संगठन की ओर से संविदा सफाईकर्मी भर्ती के नियमों में संशोधन की मांग को लेकर जल्द ही जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार को सफाईकर्मियों की मांगों और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। यदि सरकार ने भर्ती के नियमों में आवश्यक बदलाव नहीं किए तो राजस्थान सफाई मजदूर संघ एवं वाल्मीकि समाज की ओर से आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

बैठक के दौरान संगठन की नवगठित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, सफाईकर्मियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि सफाईकर्मियों से जुड़े रोजगार, सम्मान, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य अधिकारों के मुद्दों को लेकर संगठन लगातार सक्रिय रहेगा। बैठक में आगामी दिनों में संगठन की ओर से किए जाने वाले कार्यक्रमों एवं आंदोलन की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष द्वारकाप्रसाद जावा, ओमप्रकाश, देवाराम ढंजा, नरेंद्र कुमार कंडारा, विक्रम रील, विनोद बीजवान, अशोक चनाल, कानाराम रल, दिलीप जावा, महेंद्र खिंची, हरिराम आदिवाल, सूरज आदिवाल, संतोष तेजी, नरपत कंडारा, अजय आदिवाल सहित संगठन के पदाधिकारी एवं समाजबंधु मौजूद रहे।

इसके अलावा बाहर से पहुंचे शिवकुमार चावरिया, अमर धामोनिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी बैठक में भाग लिया। बैठक के दौरान संविदा सफाईकर्मी भर्ती के नियमों में बदलाव की मांग को लेकर संगठन की एकजुटता दिखाई दी।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button