10 हजार से शुरू हुआ सफर, अब 50 हजार का सहारा, पीएम स्वनिधि ने पेमाराम के छोटे कारोबार को दी नई रफ्तार

पाली : छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए संचालित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना पाली में जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। नगर निगम पाली द्वारा आयोजित शहरी सेवा फॉलोअप शिविर-2026 में योजना का लाभ लेने वाले हितग्राहियों के प्रकरणों का फॉलोअप करते हुए उन्हें ऋण की अगली किश्तों का लाभ दिलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पाली के राजेंद्र नगर निवासी 68 वर्षीय पेमाराम के लिए भी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना आर्थिक मजबूती का जरिया बनी है। पेमाराम फास्ट फूड के साथ-साथ सीजन के अनुसार विभिन्न सामान बेचने का छोटा व्यवसाय संचालित करते हैं। कारोबार को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया था।
पेमाराम को योजना के प्रथम चरण में 10 हजार रुपये का ऋण मिला। उन्होंने ऋण की किश्तों का समय पर भुगतान करते हुए पूरा ऋण चुका दिया। इसके बाद उन्हें योजना के द्वितीय चरण में 20 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया।
दूसरे चरण की ऋण राशि का भी नियमित रूप से पुनर्भुगतान करने के बाद अब पेमाराम को योजना के अगले चरण में 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ है। लगातार समय पर ऋण चुकाने के कारण बढ़ती ऋण सीमा ने उनके छोटे कारोबार को विस्तार देने का अवसर उपलब्ध कराया है।
पेमाराम ने बताया कि 50 हजार रुपये की ऋण राशि का उपयोग वे अपने कारोबार को और मजबूत बनाने में करेंगे। त्योहारों एवं मौसम के अनुसार नए सामान की खरीद के साथ फास्ट फूड व्यवसाय के लिए आवश्यक सामग्री भी खरीदी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सीजन के अनुसार सामान उपलब्ध होने से ग्राहकों को अधिक विकल्प मिलेंगे और इससे कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। उनके अनुसार छोटे व्यवसाय के लिए पूंजी की उपलब्धता सबसे बड़ी जरूरत होती है और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने इस जरूरत को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को अगले चरण में अधिक ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इससे छोटे कारोबारी अपने व्यवसाय में निवेश बढ़ाकर उसे विस्तार देने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
पेमाराम की कहानी भी इसी बदलाव का उदाहरण है। जहां उन्होंने 10 हजार रुपये के ऋण से शुरुआत की, वहीं नियमित पुनर्भुगतान के बाद अब उन्हें 50 हजार रुपये की ऋण राशि मिली है। बढ़ी हुई पूंजी से वे अपने कारोबार को बाजार की मांग और त्योहारों के अनुरूप विस्तार देने की तैयारी कर रहे हैं।
योजना का लाभ मिलने पर पेमाराम ने भारत सरकार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राजस्थान सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसे प्रयास छोटे कारोबारियों को अपने पैरों पर खड़े होने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।
नगर निगम की ओर से आयोजित शहरी सेवा फॉलोअप शिविर के माध्यम से भी हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनके लंबित प्रकरणों का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे शिविरों से छोटे व्यवसायियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रहा है।



