सितंबर में जयपुर में होगा NUJI का राष्ट्रीय अधिवेशन, पाली से बड़ी संख्या में पत्रकारों की भागीदारी पर जोर

पाली : जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (JAR) के प्रदेश महामंत्री सुरेश पारीक गुरुवार को पाली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने JAR के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश चतुर्वेदी के साथ जिला अध्यक्ष रविन्द्र सोनी के प्रतिष्ठान पर संगठन के सदस्यों से मुलाकात कर विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। बैठक में आगामी सितंबर माह में जयपुर में आयोजित होने वाले NUJI के राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश महामंत्री सुरेश पारीक ने अधिवेशन की तैयारियों की जानकारी देते हुए पाली जिले से अधिक से अधिक सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस अधिवेशन में पत्रकारों की अधिकतम सहभागिता संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने सदस्यों से अधिवेशन की सफलता के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की।
बैठक के दौरान संगठन की जिला इकाई को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने को लेकर भी चर्चा हुई। प्रदेश पदाधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर संगठन की गतिविधियों को बढ़ाने तथा अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया।
JAR जिला अध्यक्ष रविन्द्र सोनी ने प्रदेश पदाधिकारियों को विश्वास दिलाया कि पाली यूनिट को और अधिक सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जयपुर में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में पाली से बड़ी संख्या में सदस्य एवं पत्रकार भाग लेंगे। उन्होंने अधिवेशन को सफल बनाने के लिए संगठन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पाली आगमन पर JAR के प्रदेश महामंत्री सुरेश पारीक एवं प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश चतुर्वेदी का जिला इकाई की ओर से स्वागत किया गया। जिला अध्यक्ष रविन्द्र सोनी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिनेश चौहान, सिकन्दर खान, मुकेश सोनी सहित अन्य सदस्यों ने दोनों पदाधिकारियों का साफा, दुपट्टा एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्य सहभागिता और राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर सदस्यों के बीच सकारात्मक माहौल रहा। पदाधिकारियों ने संगठन की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी को आगामी कार्यक्रमों की सफलता का आधार बताया।



