उत्कृष्ट कार्य करने वाली 50 से अधिक प्रतिभाओं का सम्मान, स्वतंत्रता दिवस समारोह में बढ़ाया हौसला

पाली : पंचायत समिति पाली में उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। समारोह के दौरान समाज, प्रशासन, शिक्षा, सेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली 50 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभाओं को प्रशस्ति देकर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं आमजन मौजूद रहे। समारोह के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत माहौल देखने को मिला।
समारोह के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी विमलेंद्र सिंह राणावत ने सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि समाज और प्रशासन के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान करना केवल उनके योगदान की सराहना नहीं, बल्कि दूसरों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान की बदौलत आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश के विकास और समाज की प्रगति में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाए।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के स्वर्णिम इतिहास एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा।
तहसीलदार कल्पेश जैन, विकास अधिकारी भगवान सिंह, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप करमचंदानी एवं महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुरभि चौहान ने भी समारोह को संबोधित किया। वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जितेंद्र अग्रवाल, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, भरत गोगड़, राम अवतार, किरण व्यास, अनिल समदड़िया, मनोरथ ग्रीनस, सोहनलाल प्रजापत, गंगाराम, भोपाल सिंह, जीवाराम सीरवी, चेतन मालवीय, मुन्नालाल सोनी, संतोष कंवर, पारसराम प्रजापत, लालाराम शर्मा, नाथूराम सहित 50 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
सम्मान मिलने पर प्रतिभाओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया। उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में सम्मानित होने वाले लोगों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर सार्वजनिक रूप से सम्मान मिलना उनके लिए गौरव की बात है। इस तरह के सम्मान से समाजसेवा एवं अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का उत्साह बढ़ता है।
समारोह के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।



