google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

‘मिशन मानस’ के तहत विद्यार्थियों से रूबरू हुए एसडीएम राणावत, पढ़ाई से लेकर करियर तक दिए सफलता के मंत्र

पाली : जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की पहल पर संचालित नवाचार ‘मिशन मानस’ के तहत शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोडावास में विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और भविष्य में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और मिशन मानस के उद्देश्यों एवं इसके तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, नियमित अध्ययन और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास भी सफलता के लिए आवश्यक हैं।

एसडीएम राणावत ने विद्यार्थियों से विद्यालय की प्रार्थना सभा में सक्रिय भागीदारी करने तथा इसे ज्ञानवर्धक और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से अध्ययन करने, समय का सदुपयोग करने और अनुशासन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में उपलब्ध विभिन्न रोजगार एवं करियर के अवसरों के बारे में भी जानकारी दी और कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर अभी से उसकी तैयारी शुरू करें।

कार्यक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी ने विद्यार्थियों से खुलकर बातचीत की और उनकी पढ़ाई, विद्यालयी गतिविधियों तथा भविष्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने अपनी विभिन्न जिज्ञासाएं एवं समस्याएं उनके सामने रखीं।

एसडीएम ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए और संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान किया जाना जरूरी है।

कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप करमचंदानी ने विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिक से अधिक भामाशाहों एवं जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जनसहयोग से विद्यालयों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाकर विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं दी जा सकती हैं। विद्यार्थियों के नियमित अध्ययन को सुविधाजनक बनाने के लिए स्टडी स्टैंड सहित अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास करने की बात भी कही गई।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रभु सिंह राजपुरोहित, सत्य नारायण सिंह राजपुरोहित, विक्रम सिंह, वैशाली चतुर्वेदी, राजेश, सुखदेव, करनाराम सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। ‘मिशन मानस’ के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद, उनकी समस्याओं की जानकारी और उनके व्यक्तित्व व करियर विकास पर मार्गदर्शन देने की पहल को शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button