google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

वार्ड 40 और 42 में सफाई व्यवस्था का निगम अधिकारियों ने लिया जायजा, लापरवाही पर दो कर्मचारियों को नोटिस

पाली : जिला कलक्टर के निर्देशों की पालना में नगर निगम प्रशासन की ओर से शहर के वार्ड संख्या 40 एवं 42 में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। निगम अधिकारियों ने आदर्श नगर, जनता कॉलोनी, नहर रोड, बापू नगर, बापू नगर विस्तार और बांगड़ स्कूल तिराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां नियमित सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, वहीं कुछ स्थानों पर गंदगी, कचरा और झाड़ियों की समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षकों को मुख्य मार्गों एवं डिवाइडरों की सफाई के साथ-साथ वार्डों की अंदरूनी गलियों और मोहल्लों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। लंबे समय से पड़े कचरे, मलबे और मिट्टी का चिन्हीकरण कर उसे तत्काल उठाने के लिए भी निर्देशित किया गया।

निरीक्षण के दौरान नालियों के आसपास उगी झाड़ियों, बबूल, आकड़े एवं अन्य वनस्पति को हटाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि नालियों के आसपास अनावश्यक झाड़ियां रहने से सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है और कई जगह जल निकासी में भी परेशानी हो सकती है। ऐसे में संबंधित क्षेत्रों में विशेष सफाई करवाकर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य निरीक्षक एवं जमादारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्य की नियमित निगरानी करने तथा सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए भी पाबंद किया गया।

निगम अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों से सीधे संवाद कर सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। लोगों से कचरा परिवहन वाहन के नियमित आने और सफाई कर्मचारियों के कार्य को लेकर पूछताछ की गई। वार्डवासियों ने बताया कि कचरा परिवहन वाहन एवं सफाई कर्मचारी नियमित रूप से क्षेत्र में आते हैं।

हालांकि नहर पर स्थित कचरा स्टैंड पर कचरा बिखरा हुआ मिला। वहीं वार्ड 40 में नालियों के आसपास छोटी झाड़ियां उगी हुई पाई गईं। बापू नगर विस्तार क्षेत्र में भी सफाई व्यवस्था अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर निगम प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की।

निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था में कमी पाए जाने पर वार्ड जमादार राजेश कंडारा तथा बापू नगर विस्तार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर अर्जुन चौहान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों के डिवाइडरों की विशेष सफाई का अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान डिवाइडरों के दोनों ओर जमा मिट्टी को हटाने के साथ-साथ वहां उगी छोटी झाड़ियों की कटाई भी की गई। निगम प्रशासन की ओर से मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक क्षेत्रों में भी सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान शहर की सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को लेकर भी अधिकारियों ने आवश्यक निर्देश दिए। संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक एवं जमादारों को वार्डों में घूम रहे गौवंश की संख्या का आंकलन करने तथा उनके मालिकों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।

पशुपालकों को अपने गौवंश को बाड़े में बांधकर रखने और उन्हें सड़कों पर खुला नहीं छोड़ने के लिए समझाइश करने के निर्देश दिए गए। निगम प्रशासन ने चेतावनी दी कि सड़कों पर विचरण करते पाए जाने वाले गौवंश को पकड़कर गौशाला भेजा जा सकता है और उन्हें छुड़ाने के लिए नियमानुसार जुर्माना देना पड़ सकता है।

निगम प्रशासन ने शहरवासियों से सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। आमजन से कहा गया है कि कचरा नाले-नालियों में नहीं डालें और निर्धारित कचरा परिवहन वाहन में ही कचरा दें। इससे शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।

निगम की ओर से बताया गया कि यदि किसी क्षेत्र में कचरा परिवहन वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंचता है तो आमजन 73000-25332 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निगम प्रशासन ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी एवं अधिशाषी अभियंता कलीम असरफ, कालूराम आदिवाल, स्वास्थ्य निरीक्षक कानाराम रल सहित स्वास्थ्य जमादार राजेश कंडारा एवं अर्जुन चौहान मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button