जन्माष्टमी पर पाली में गूंजा श्रीकृष्ण का संदेश, विहिप स्थापना दिवस पर शहर से गांव तक हुए विविध आयोजन

पाली : विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में पाली शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर और ग्रामीण क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों, धर्म, संस्कार और समाज संगठन में उनकी शिक्षाओं के महत्व पर वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए।
पाली ग्रामीण क्षेत्र के भावरी गांव स्थित नरसिंह द्वारा मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सोशल मीडिया प्रमुख मनीष सेन मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, कर्तव्य, नीति और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देता है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं से श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
पाली स्टेशन क्षेत्र के शिवाजी नगर स्थित शिव मंदिर में भी स्थापना दिवस एवं जन्माष्टमी के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विहिप नगर अध्यक्ष आनंद स्वरूप गुप्ता ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। उन्होंने संगठन की भूमिका और समाज में संस्कारों को मजबूत करने की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना आवश्यक है।

पाली शहर के खोडिया बालाजी क्षेत्र स्थित राजारामजी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद की विशेष संपर्क टोली के सदस्य भीमराज चौधरी मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से धर्म, कर्तव्य और सामाजिक एकता का महत्व समझाया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसी क्रम में टैगोर नगर बस्ती स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी भीमराज चौधरी ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए श्रीकृष्ण के आदर्शों एवं उनके जीवन दर्शन पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए संस्कार, सेवा और संगठन की भावना को निरंतर आगे बढ़ाना जरूरी है।
विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री बाबूलाल कुमावत ने बताया कि विहिप के स्थापना दिवस के अवसर पर पाली जिलेभर में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों का उद्देश्य समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को सेवा और संगठन की भावना से जोड़ना रहा।

कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, समाज में संस्कारों को मजबूत करने तथा सेवा और संगठन की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन संघर्ष के बीच कर्तव्य निभाने, अन्याय के खिलाफ खड़े होने और समाज को सही दिशा देने की प्रेरणा देता है।
आयोजित कार्यक्रमों में नगर मंत्री दुर्गेश चौहान, नगर सह संयोजक श्रवण भिलवारा, नगर ब्लोउपासना प्रमुख प्रमोद गॉड, पदमाराम देवासी, विक्रम सिंह, श्रवल रावल, देवी सिंह, अक्षय राठौड़, भरत चौहान सहित विश्व हिंदू परिषद के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रमों का समापन भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में आपसी सहयोग एवं संगठन की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।



