पाली में 70वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता का आगाज सोमवार से, प्रदेशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे खेल प्रतिभा

पाली : शहर के सेंट जेवियर उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार से 70वीं राज्य स्तरीय 14 वर्षीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयी लॉन टेनिस प्रतियोगिता का भव्य आगाज होगा। प्रतियोगिता को लेकर आयोजनकर्ता विद्यालय और शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रतियोगिता के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर रविवार को आवश्यक बैठक आयोजित कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और जिम्मेदारियां तय की गईं।
सेंट जेवियर उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं प्रतियोगिता संयोजक उमा यादव ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह सोमवार सुबह 9 बजे आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान होने वाले सभी मुकाबले डिस्ट्रिक्ट क्लब एवं रेनबो विद्यालय के खेल मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर आयोजन टीम लगातार तैयारियों में जुटी हुई है।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विभिन्न कार्यों को अलग-अलग समितियों के जिम्मे सौंपा गया है। इनमें उद्घाटन, स्वागत, पूछताछ कार्यालय, नियंत्रण कक्ष, पंजीकरण एवं अभिलेख संधारण, योग्यता प्रमाण जांच, प्रमाण पत्र लेखन, कम्प्यूटर ऑपरेटर तथा पुरस्कार वितरण सहित अन्य समितियां शामिल हैं।
आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों और अतिथियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है। पंजीकरण से लेकर मुकाबलों के संचालन और प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण तक सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से संचालित करने की तैयारी है।

प्रतियोगिता संयोजक उमा यादव ने बताया कि उद्घाटन समारोह में पशुपालन एवं देवस्थान विभाग मंत्री जोराराम कुमावत मुख्य अतिथि होंगे। समारोह की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी करेंगे।
इसके अलावा समारोह में सांसद पी.पी. चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, नगर निगम महापौर नमिता बुबकिया, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक कानाराम वागोरिया, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, एडीईओ प्रारंभिक तेज सिंह पंवार, उप जिला शिक्षा अधिकारी शा. शिक्षा बलवीर सिंह राणावत एवं राजेश पाटनेचा अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में आयोजन टीम के सदस्य लगातार जुटे हुए हैं। सह संयोजक पिनल मोदी, स्टाफ सचिव राहुल परमार, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, जिला खेलकूद प्रभारी छेलेन्द्र सिंह राठौड़, कार्यालय खेलकूद प्रभारी लालचंद प्रजापति, शारीरिक शिक्षक भवानी बालवंशी, मुकेश मेवाड़ा, मनोहर सिंह मुसालिया, अरुण चौधरी, विकास राजपुरोहित और जसाराम सहित आयोजन टीम के सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में प्रदेशभर से खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। पंजीकरण, दस्तावेज सत्यापन, पूछताछ, नियंत्रण कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
रविवार को आयोजित बैठक में आयोजनकर्ता विद्यालय एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रतियोगिता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। अब सोमवार से शुरू होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ी लॉन टेनिस के मुकाबलों में अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।



