
सुमेरपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार शाम करीब 5 बजे हेलीकॉप्टर से सुमेरपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सरकारी स्कूल के खेल मैदान में बने हेलीपैड पर उतरा। यहां भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कार से टाउनहॉल पहुंचे।
टाउनहॉल में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें लेपर्ड की प्रतिमा, तलवार और भगवान की प्रतिमा सहित विभिन्न स्मृति चिह्न भेंट किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पाली सांसद पीपी चौधरी ने कहा कि हाल ही में हुए निकाय चुनावों में पाली नगर निगम सहित जिले की सभी नगर पालिकाओं में भाजपा को सफलता मिली है। उन्होंने इस जीत का श्रेय भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और आमजन के आशीर्वाद को दिया।
सांसद चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसेवा को प्रभु सेवा मानकर काम करते हैं। आने वाले समय में विकास के क्षेत्र में और भी काम किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के लिए निष्ठा के साथ काम करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, उप मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, सांसद पीपी चौधरी, सांसद लुंबाराम चौधरी, आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित, सोजत विधायक शोभा चौहान, पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नरसिंह जोधा, पूर्व सांसद पुष्प जैन और पाली भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी सहित तीनों जिलों के भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
बताया गया कि मुख्यमंत्री आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, चुनावी तैयारियों और आगामी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।



