
पाली : बस्सीवांन मेघवाल समाज की ओर से नवनिर्वाचित पार्षद राजेंद्र पाल के सम्मान में नागरिक अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सरदार पटेल नगर स्थित दूध डेयरी के पास समाज भवन में आयोजित समारोह में समाज के प्रबुद्धजनों, युवाओं और बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पार्षद राजेंद्र पाल का राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। इस दौरान समाजबंधुओं ने अतिथियों का भी ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड, पूर्व पाली नगर परिषद सभापति एवं कांग्रेस पार्षद राकेश भाटी तथा पार्षद कमल अग्रवाल मौजूद रहे। समाजबंधुओं ने तीनों अतिथियों का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथियों एवं नवनिर्वाचित पार्षद राजेंद्र पाल का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। समारोह के दौरान समाजबंधुओं ने राजेंद्र पाल की जीत पर खुशी जताते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने राजेंद्र पाल को चुनाव में जीत की बधाई दी। पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड ने कहा कि युवा, कार्यनिष्ठ और ऊर्जावान प्रतिनिधि का निर्वाचित होकर आना पूरे समाज और क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है।
उन्होंने कहा कि राजेंद्र पाल लंबे समय से संगठन और समाज के लिए कार्य करते आ रहे हैं। उनकी सक्रिय कार्यशैली और निरंतर समाज से जुड़े रहने का परिणाम है कि उन्हें लोगों का विश्वास मिला और वे पार्षद निर्वाचित हुए।
पार्षद राकेश भाटी ने राजेंद्र पाल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी जीत जनसेवा और समाज के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजेंद्र पाल क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएंगे और विकास कार्यों के साथ जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ क्षेत्रवासियों की उम्मीदें भी जुड़ी हैं और उन्हें विश्वास है कि राजेंद्र पाल इन उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
सम्मान समारोह के बाद नवनिर्वाचित पार्षद राजेंद्र पाल का भव्य विजय जुलूस निकाला गया। ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के बीच निकला विजय जुलूस क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।
जुलूस में बड़ी संख्या में समाजबंधु और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर नवनिर्वाचित पार्षद का स्वागत किया। विजय जुलूस के दौरान समाजबंधुओं में खासा उत्साह नजर आया।

नवनिर्वाचित पार्षद राजेंद्र पाल ने समाजबंधुओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज और क्षेत्र के लोगों ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और सभी समर्थकों का चुनाव के दौरान मिले सहयोग के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम के अंत में समाज के वरिष्ठजनों ने अतिथियों, समाजबंधुओं और कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह के दौरान समाज की एकजुटता और नवनिर्वाचित पार्षद के प्रति समर्थन का माहौल देखने को मिला।
समारोह में राम रतन कटारिया, किशन सोलंकी, किशन झाला, अर्जुन कटारिया, प्रभु राम चौहान, प्रभात बारूपाल, नेमी चंद सोलंकी, राम गोपाल झुरिया, ओम प्रकाश पड़ीवाल, अशोक भाटी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



