google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पंचायत चुनाव को लेकर पाली में तैयारियां पूरी, 20 जोनल मजिस्ट्रेट संभालेंगे मोर्चा

पाली : पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत पाली पंचायत समिति क्षेत्र में द्वितीय चरण के मतदान को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। मंगलवार को राजकीय बांगड़ महाविद्यालय परिसर में मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद मतदान दल निर्वाचन सामग्री प्राप्त कर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने आवंटित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे।

वहीं, सोमवार को जोनल मजिस्ट्रेट का अंतिम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें उन्हें निर्वाचन संबंधी दायित्वों, अधिकारों और मतदान प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

रिटर्निंग अधिकारी एवं पाली उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि पाली पंचायत समिति क्षेत्र में द्वितीय चरण के चुनाव को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान को व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए मतदान दलों को मंगलवार को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद सभी दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। निर्वाचन विभाग का प्रयास है कि मतदान से पहले सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी और निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए पाली पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 20 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इनमें 12 क्रियाशील और 8 आरक्षित जोनल मजिस्ट्रेट शामिल हैं।

जोनल मजिस्ट्रेट की सहायता के लिए पटवारी और ग्राम सेवकों को भी नियुक्त किया गया है। इनकी जिम्मेदारी मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी करने, मतदान दलों के साथ समन्वय बनाए रखने और निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग करना होगा।

मतदान से पूर्व सोमवार को आयोजित प्रशिक्षण में जोनल मजिस्ट्रेट को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया गया। रिटर्निंग अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने में जोनल मजिस्ट्रेट की भूमिका महत्वपूर्ण है।

प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ईवीएम की सुरक्षा, मतदान केंद्रों के निरीक्षण और मतदान दलों के साथ समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। इसके साथ ही मतदान के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं का समय पर समाधान करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने निर्धारित क्षेत्र में मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर नजर रखें और निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बरतें। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करें।

निर्वाचन विभाग की ओर से मतदान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान चुनाव शाखा प्रभारी ललित कुमार दवे, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, अनिल नामा, रमेश अणकिया, अभिषेक चतुर्वेदी, रघुवीर सिंह चारण, राजेश कुमार सैन सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण और उनके मतदान केंद्रों के लिए रवाना होने के साथ ही पाली पंचायत समिति क्षेत्र में द्वितीय चरण के मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच जाएंगी।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button