google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिव्यांग प्रतिभाओं से किया संवाद, पाली के दिव्यांगजनों ने वीसी के जरिए साझा की सहभागिता

पाली : दिव्यांगजनों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सानिध्य में शनिवार को जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर विशेष युवा संवाद कार्यक्रम ‘सपनों की उड़ान–असंभव कुछ भी नहीं’ आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पाली जिले के दिव्यांगजनों ने सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से ऑनलाइन लाइव जुड़कर सहभागिता की।

दोपहर 1 से 3 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से जुड़े प्रतिभावान दिव्यांगजनों से सीधा संवाद किया। उन्होंने दिव्यांगजनों के जीवन संघर्ष, उनकी उपलब्धियों, विचारों और सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने उनके अनुभवों को सुनते हुए प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

विशेष योग्यजन युवा संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिव्यांगजनों को सहायक अंग एवं उपकरण वितरित किए। इसके साथ ही अलग-अलग जिलों से जुड़े दिव्यांग प्रतिभागियों से संवाद कर उनके अनुभवों और जीवन यात्रा को जाना।

मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों से उनकी चुनौतियों, संघर्षों और उपलब्धियों के बारे में चर्चा की। संवाद का उद्देश्य दिव्यांगजनों की क्षमताओं को पहचानना, उनका मनोबल बढ़ाना और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।

पाली जिले से कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों, दिव्यांग खिलाड़ियों और प्रतिभावान दिव्यांगजनों ने ऑनलाइन सहभागिता की। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक ज्योति प्रकाश अरोड़ा ने बताया कि कार्यक्रम में दिव्यांग सेवा संस्थान के जालाराम देवासी, दिव्यांग सेवा समिति पाली के घेवरचंद आर्य और विनोद कुमार जैन सहित कई लोग मौजूद रहे।

इसके अलावा पैरा क्रिकेट खिलाड़ी भरत पंवार, पैरा स्वीमिंग खिलाड़ी शांति देवी, राकेश कुमार कुमावत, बुधाराम पन्नूसा, बीजाराम पटेल, शारदा देवी, वागाराम देवासी और महेंद्र मेघवाल ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम में महावीर मूक-बधिर विद्यालय, सिरियारी के शिक्षक देवीलाल शर्मा, जीवनराम और सुरेशकुमार उपस्थित रहे। वहीं अपनी दुनिया मानसिक विद्यालय के शिक्षक दिनेश शर्मा ने भी सहभागिता की। दोनों विद्यालयों के मूक-बधिर विद्यार्थी और अन्य दिव्यांगजन भी कार्यक्रम से जुड़े। इस दौरान दिव्यांगजनों और विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के संवाद कार्यक्रम को देखा और विभिन्न जिलों से जुड़े प्रतिभागियों के अनुभवों को जाना।

‘सपनों की उड़ान–असंभव कुछ भी नहीं’ कार्यक्रम के माध्यम से दिव्यांगजनों को अपनी प्रतिभा, संघर्ष और उपलब्धियों को साझा करने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने उनके अनुभवों को जानकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में पाली जिले के पैरा खिलाड़ियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और विशेष विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता से जिले में दिव्यांगजनों की सक्रिय भूमिका भी सामने आई।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button