google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली की 24 ग्राम पंचायतों में उपसरपंच चुनाव, 14 निर्विरोध चुने गए, 8 ने मतदान से जीत दर्ज की, 2 का लॉटरी से फैसला

पाली : पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत पाली पंचायत समिति क्षेत्र में द्वितीय चरण की निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत शनिवार को 24 ग्राम पंचायतों में उपसरपंच पद के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव परिणामों में 14 ग्राम पंचायतों में उपसरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि 8 ग्राम पंचायतों में मतदान के जरिए उपसरपंच चुने गए। वहीं, दो ग्राम पंचायतों में प्रत्याशियों के बीच मत बराबर रहने पर लॉटरी प्रक्रिया अपनाकर विजेता का चयन किया गया।

रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि उपसरपंच चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से सभी 24 ग्राम पंचायतों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न करवाए गए। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी निर्वाचित उपसरपंचों को पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलवाई गई।

उपखंड अधिकारी राणावत ने बताया कि ग्राम पंचायत मनिहारी में भीकीदेवी तथा ग्राम पंचायत सांपा में सैण कंवर का उपसरपंच पद पर चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया। दोनों ग्राम पंचायतों में मतदान के दौरान प्रत्याशियों को बराबर मत प्राप्त हुए थे। इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया के तहत लॉटरी निकालकर विजेता प्रत्याशियों का चयन किया गया।

पाली पंचायत समिति क्षेत्र की 14 ग्राम पंचायतों में उपसरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। इनमें ग्राम पंचायत वडेर का वास से रमेश कुमार, बाणियावास से तखतसिंह, भांगेसर से पुखसिंह, भांवरी से ध्रुवराजसिंह, दयालपुरा से रूघाराम, डेण्डा से सुशीला बंजारा, डिरी से बालुसिंह, गिरादड़ा जागीर से गोपू कंवर, गुरडाई से राजाराम, कूरना से दिलीपसिंह, लाम्बिया से भरतसिंह, रूपावास से ओखाराम, साकदड़ा से दिनेश कंवर तथा सोनाईमांजी से कमला कंवर निर्विरोध उपसरपंच निर्वाचित हुए।

वहीं, आठ ग्राम पंचायतों में उपसरपंच पद के लिए मतदान करवाया गया। मतदान के जरिए ग्राम पंचायत बोमादड़ा से गीतादेवी, डिंगाई से रूपसिंह, गुड़ा एन्दला से जितेन्द्र कुमार, गुन्दोज से शंकरलाल, हेमावास से दुर्गाराम, खैरवा से अभिमन्युसिंह, सोडावास से जितेन्द्रसिंह तथा टेवाली से मांगीलाल ने जीत दर्ज कर उपसरपंच पद हासिल किया।

इस प्रकार पाली पंचायत समिति क्षेत्र की सभी 24 ग्राम पंचायतों में उपसरपंच निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही पंचायती राज चुनाव का यह महत्वपूर्ण चरण संपन्न हो गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button