पंचायत चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन अलर्ट, बांगड़ कॉलेज में तैयारियां पूरी, 20 नवंबर को खुलेगा प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा

पाली : पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 20 नवंबर को होने वाली मतगणना को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पाली के राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्मिकों की तैनाती और मतगणना टेबलों के निर्धारण तक सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
मतगणना के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा जांच, कार्मिकों की जिम्मेदारियां और राउंडवार गणना प्रक्रिया को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। बुधवार को मतगणना स्थल पर व्यवस्थाओं का अंतिम जायजा लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गईं।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि पंचायत समिति पाली क्षेत्र के जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। मतगणना कार्य को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए राउंडवार टेबल निर्धारित की गई हैं। प्रत्येक टेबल पर गणना कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही जोनवार कर्मचारियों का भी मनोनयन किया गया है, ताकि मतगणना के प्रत्येक चरण में निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित हो सके।
प्रशासन ने मतगणना में नियुक्त कार्मिकों के लिए प्रवेश का समय भी निर्धारित कर दिया है। रिटर्निंग अधिकारी राणावत के अनुसार 20 नवंबर को सुबह 6 बजे से राजकीय बांगड़ महाविद्यालय स्थित मतगणना स्थल पर कार्मिकों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश से पहले सभी कार्मिकों की आवश्यक जांच की जाएगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। सभी नियुक्त कार्मिकों को निर्धारित समय पर मतगणना स्थल पर पहुंचने और सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
मतगणना की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। रिटर्निंग अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतगणना केंद्र में किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी संबंधित कार्मिकों एवं अभ्यर्थियों को इस निर्देश की अनिवार्य रूप से पालना करनी होगी।
मतगणना स्थल पर प्रवेश को लेकर भी प्रशासन ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रत्येक अभ्यर्थी के साथ केवल एक अधिकृत एजेंट को ही मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए निर्धारित प्रवेश व्यवस्था एवं आवश्यक जांच प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा।
प्रशासन की ओर से मतगणना स्थल पर अनुशासन बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पंचायती राज चुनाव के बाद अब मतगणना की तारीख नजदीक आने के साथ ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की धड़कनें तेज हो गई हैं। गांवों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चुनाव परिणामों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। 20 नवंबर को होने वाली मतगणना में मतदाताओं के फैसले सामने आएंगे और जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत का फैसला होगा।
राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में होने वाली मतगणना को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अब सबकी निगाहें 20 नवंबर को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।



