google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली के बाल गृहों का न्यायिक अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, बच्चों से संवाद कर जानी सुविधाओं की हकीकत

पाली : बाल गृहों में आवासित बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने बुधवार को राजकीय सम्प्रेक्षण एवं किशोर गृह तथा राजकीय शिशु गृह, पाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार किया गया।

निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने बाल गृहों में रह रहे विधि से संघर्षरत बालकों से सीधे संवाद किया और उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने आवास, भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

सम्प्रेक्षण गृह में रह रहे बालकों से बातचीत के दौरान सचिव भाटी ने उनके परिजनों से मुलाकात की व्यवस्था तथा न्याय मित्र द्वारा उनके प्रकरणों की प्रगति के संबंध में समय-समय पर जानकारी दिए जाने को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने बच्चों को मिलने वाली विधिक सहायता और अन्य सुविधाओं की स्थिति जानी।

इस दौरान उन्होंने बालकों को शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों में नियमित भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य को संवारने और जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों तथा बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न प्रावधानों की जानकारी भी दी।

निरीक्षण के दौरान बालकों के मनोरंजन एवं खेलकूद के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। बताया गया कि बाल गृह में इंडोर गेम्स के तहत कैरम, पिंग-पोंग, लूडो सहित अन्य खेलों की व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे बच्चे खाली समय में मनोरंजक गतिविधियों में भाग ले सकें।

सचिव विक्रम सिंह भाटी ने संबंधित अधिकारियों को बाल गृहों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करवाने, जरूरत के अनुसार परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराने तथा बच्चों के लिए मैत्रीपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने भवन एवं परिसर की नियमित साफ-सफाई रखने के साथ पालना गृह में भी स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल गृहों में बच्चों की देखभाल, सुरक्षा और उनके सर्वांगीण विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड पाली गजेंद्र कुमार, न्याय मित्र खुमाराम परिहार एवं समन्वयक कन्हैयालाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button