पीएम श्री योजना के तहत हुआ आयोजन, ओम आश्रम से रणकपुर जैन मंदिर तक कई प्रमुख स्थलों का किया अवलोकन

पाली : विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत से रूबरू कराने के उद्देश्य से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पाली की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत प्राथमिक विभाग के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों ने जिले के विभिन्न ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कर उनके महत्व और विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण दल को विद्यालय के प्राचार्य एच.एल. मीणा ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस शैक्षणिक यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने ओम आश्रम जाडन, वल्लभ सूरी दादावाड़ी मंदिर गुंदोज, निंबोरानाथ महादेव धाम सांडेराव, विश्व प्रसिद्ध रणकपुर जैन मंदिर तथा श्री आशापुरा माता मंदिर नाडोल का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों पर भारतीय कला, स्थापत्य कला और हस्तशिल्प के उत्कृष्ट नमूनों को नजदीक से देखा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को इन स्थलों के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्राचीन शिल्पकला, मंदिरों की बनावट और राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जानकर विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिली। बच्चों ने ऐतिहासिक स्थलों के अवलोकन के साथ रास्ते में दिखाई देने वाले प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया। इस यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाई जाने वाली विषयवस्तु को वास्तविक रूप में समझने और नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।
यात्रा के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और उनका पालन सुनिश्चित किया। विद्यालय प्रशासन की ओर से बच्चों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
इस शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक, आनंददायक एवं सफल बनाने में यास्मीन शाह, जगदीश मीणा, राहुल कुमार, कोमल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय की इस पहल से विद्यार्थियों को राजस्थान की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने और समझने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।



