पाली में अकाल के हालात गंभीर, किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी और रोहट के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग

पाली : पाली जिले में बारिश की भारी कमी के चलते अकाल जैसे हालात पैदा होने और किसानों, पशुपालकों एवं ग्रामीण परिवारों के सामने गहराते आर्थिक संकट को लेकर राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन के पाली जिलाध्यक्ष एवं किसान नेता मदनसिंह जागरवाल ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की है। जागरवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र एवं ई-मेल भेजकर पाली जिले के किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी, रोहट क्षेत्र के लिए विशेष अकाल राहत पैकेज, पर्याप्त पेयजल और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने की मांग उठाई है।
जागरवाल ने पत्र में बताया कि इस वर्ष बारिश की भारी कमी के कारण जिले में गंभीर अकाल की स्थिति बन गई है। पानी की कमी से आमजन, किसान और पशुधन परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 दिनों में एक बार अपर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो रहा है। खेतों में चारा नहीं उगने के कारण पशुपालकों के सामने अपने पशुधन को बचाने का संकट खड़ा हो गया है।
किसान नेता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। गांवों में 15 से 20 दिनों के अंतराल पर पानी की आपूर्ति हो रही है, वह भी जरूरत के मुकाबले काफी कम है। इससे ग्रामीण परिवारों को दैनिक जरूरतों के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पानी की कमी का सबसे अधिक असर पशुधन पर पड़ रहा है। खेतों में चारा नहीं होने और पर्याप्त पानी नहीं मिलने से दुधारू एवं आवारा पशुओं की स्थिति गंभीर हो गई है। पशुओं की प्यास और चारे के अभाव में मौतें होने की स्थिति बन रही है। ऐसे में सरकार को पेयजल आपूर्ति के साथ पशुओं के लिए भी तत्काल प्रभाव से व्यवस्था करनी चाहिए।
जागरवाल ने पत्र में बताया कि पंजाब एवं सीकर से आने वाला पशु चारा अनाज के भाव बिक रहा है। महंगे दामों के कारण प्रत्येक पशुपालक के लिए चारा खरीदना संभव नहीं है। पशुपालकों के सामने अपने परिवार का पेट भरने और पशुधन को बचाने के बीच गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि जिले में तत्काल चारा डिपो खोले जाएं और पशुपालकों को रियायती दरों पर पर्याप्त चारा उपलब्ध करवाया जाए। इससे पशुधन को बचाने के साथ पशुपालकों को आर्थिक राहत मिल सकेगी।

किसान नेता ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की समस्या को भी गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि जिले में वीवीजी रामजी (नरेगा) के कार्य बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीण परिवारों के पास रोजगार का कोई साधन नहीं बचा है।
रोजगार और आजीविका के अभाव में क्षेत्र के लोग पड़ोसी राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के कार्य तत्काल शुरू करवाने की मांग की, ताकि अकाल प्रभावित परिवारों को अपने गांव में ही आजीविका का साधन मिल सके।
जागरवाल ने कहा कि सर्दी के मौसम में ही जिले के हालात इतने विकट हैं तो आगामी होली के बाद गर्मी के दिनों में स्थिति कितनी भयावह हो सकती है, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। बारिश की कमी के कारण पानी और चारे का संकट लगातार बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि किसानों को आगामी वर्ष अक्टूबर-नवंबर में बारिश होने पर ही नई फसल की उम्मीद है। ऐसे में वर्तमान आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों के लिए लंबे समय तक इंतजार करना मुश्किल हो रहा है।
किसान नेता ने बताया कि अकाल की मार झेल रहे जिले के किसान बैंक ऋण का ब्याज चुकाने की स्थिति में भी नहीं हैं। फसल नहीं होने और आय के साधन सीमित होने से किसानों पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। ऐसे में सरकार को किसानों की स्थिति को देखते हुए संपूर्ण कर्जमाफी का निर्णय लेना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके और वे आगामी फसल की तैयारी कर सकें।
मदनसिंह जागरवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से पाली जिले के किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी करने, रोहट क्षेत्र के लिए विशेष अकाल राहत पैकेज जारी करने तथा जिले में पेयजल, पशु चारा डिपो और ग्रामीण रोजगार की तत्काल व्यवस्था करवाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि अकाल प्रभावित किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों को राहत देने के लिए सरकार को समय रहते ठोस कदम उठाने चाहिए। पेयजल, चारे और रोजगार की व्यवस्था होने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी और पलायन की समस्या पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।



