पाली में बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प, बाल विवाह रोकने के लिए चलाया जागरूकता अभियान

पाली : अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पाली में बेटियों के सम्मान, सुरक्षा एवं शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसबीआई के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), मंडिया रोड पाली में आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं एवं महिलाओं ने ‘बेटी के साथ सेल्फी’ अभियान के माध्यम से बेटियों के संरक्षण, सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
यह आयोजन महिला अधिकारिता विभाग के निदेशालय की ओर से संचालित 60 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के तहत बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत किया गया। यह अभियान 19 नवंबर 2026 से प्रारंभ हुआ है। कार्यक्रम महिला अधिकारिता विभाग, पाली के उपनिदेशक भागीरथ के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। इस दौरान नई दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम से आरसेटी में प्रशिक्षणरत बालिकाओं, महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों को वेबकास्ट लिंक के माध्यम से जोड़ा गया।

कार्यक्रम में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र (पीएसएसके) की परामर्शदाताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। केंद्र प्रबंधक प्रियंका व्यास ने एसबीआई आरसेटी, मंडिया रोड पहुंचकर बालिकाओं के साथ ‘बेटी के साथ सेल्फी’ कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उपस्थित बालिकाओं एवं महिलाओं को बेटियों के संरक्षण, उनकी शिक्षा को बढ़ावा देने तथा समाज में उन्हें समान अधिकार और सम्मान दिलाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बेटियों को समान अवसर उपलब्ध कराकर ही उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा सकता है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से हेड पीएलवी मांगीलाल तंवर ने महिलाओं एवं बच्चों को बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य तथा भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूक रहने तथा ऐसी किसी भी घटना को रोकने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सखी वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक देवी बामनिया ने महिलाओं को बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने, बाल अधिकारों की रक्षा करने तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए जागरूक किया। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों को आवश्यक परामर्श देते हुए बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (डीएचईडब्ल्यू) की जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री चौहान ने महिला अधिकारिता विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं के बारे में बताते हुए महिलाओं को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों को बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें तथा इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने में सहयोग दें।

इस अवसर पर आरसेटी के डायरेक्टर दीपक गहलोत, पुनीत त्रिवेदी, विनोद कुमार, लता देवी, चंद्रकला सुथार, उर्मिला, मायाचरण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बाल विवाह की रोकथाम करना तथा समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और सकारात्मक सोच को मजबूत करना रहा।



