पाली शिक्षा विभाग में नए अधिकारियों का भव्य स्वागत, मंत्रालयिक कर्मचारी संघ ने जताया सहयोग का भरोसा

पाली : शिक्षा विभाग में नवपदस्थ अधिकारियों के स्वागत के साथ बेहतर समन्वय और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी संघ, पाली की ओर से शुक्रवार को आयोजित सम्मान समारोह में नवपदस्थ अधिकारियों का माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया गया।
संघ के मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि जिलाध्यक्ष मुकेश बोहरा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक देवाराम प्रजापत तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सहायक निदेशक के रूप में पदभार संभालने वाले दौलाराम मेघवाल का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संघ पदाधिकारियों ने दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनेगी। कर्मचारियों ने विभागीय कार्यों में पूर्ण सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने भी मंत्रालयिक कर्मचारियों के सहयोग की सराहना करते हुए टीम भावना के साथ शिक्षा विभाग की योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को गति देने की बात कही।
कार्यक्रम में हेमंत ओझा, हेमंत जोशी, हीर सिंह, दिनेश गिरी, अनुज दवे, हुकमीचंद सेन, योगेश त्रिवेदी, अजय पाल सिंह, सीमा परिहार, तराना वैष्णव, ओम वैष्णव, नवीन जैन, देवेंद्र रूनवाल, ललित दवे, कपूरचंद देसूरी, विनोद शर्मा, सुरेंद्र शर्मा और कुलदीप शर्मा सहित बड़ी संख्या में मंत्रालयिक कर्मचारी एवं संघ पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



