पाली में ‘माय भारत’ महाअभियान शुरू, 15 से 29 वर्ष के हर युवा का होगा पोर्टल पर पंजीकरण

पाली जिले में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक युवा को राष्ट्रीय युवा मंच ‘माय भारत’ से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। जिला कलक्टर के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी पात्र युवा माय भारत पोर्टल से वंचित न रहे।
जिला युवा अधिकारी महेश सिंह शेखावत ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए दो-स्तरीय रणनीति तैयार की गई है। पहले चरण में प्रत्येक स्कूल और कॉलेज में माय भारत नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे, जो पंजीकरण कार्य का संचालन और निगरानी करेंगे। दूसरे चरण में एनएसएस, एनसीसी, युवा क्लब और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े सक्रिय विद्यार्थियों को ‘माय भारत यंग एम्बेसडर’ बनाया जाएगा। ये युवा अपने साथियों को पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित करेंगे और उन्हें तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराएंगे।
अभियान के तहत माय भारत पाली की टीम जिले के प्रत्येक उपखंड में पहुंचकर स्कूलों और महाविद्यालयों का दौरा करेगी। विद्यार्थियों को मौके पर ही माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाएगा तथा उन्हें पोर्टल के माध्यम से मिलने वाले विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल प्रशिक्षण, करियर अवसर, राष्ट्रीय स्तर के प्रमाण-पत्र, नेटवर्किंग, विकसित भारत वॉलंटियर, मेरा युवा संवाद सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय निर्माण में सक्रिय भागीदारी का मंच भी प्राप्त होगा।

अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी उपखंड अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक शिक्षण संस्थान से नोडल अधिकारियों और यंग एम्बेसडरों की सूची भी माय भारत कार्यालय को भेजी जाएगी, ताकि अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग करें और 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करें। प्रशासन का उद्देश्य निर्धारित समय सीमा में पाली जिले को शत-प्रतिशत माय भारत पंजीकरण वाला जिला बनाना है।
बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



