सोजत के नए तहसीलदार कूप सिंह पंवार का भव्य स्वागत, शिक्षा को समाज विकास की सबसे बड़ी ताकत बताया

पाली : पाली जिले के सोजत में नव नियुक्त तहसीलदार कूप सिंह पंवार ने सोमवार को तहसील कार्यालय में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद रावणा राजपूत समाज की ओर से उनका पारंपरिक तरीके से साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में समाज के पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
रावणा राजपूत समाज सोजत तहसील अध्यक्ष किशोर सिंह सांखला के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह में समाजजनों ने नव नियुक्त तहसीलदार का अभिनंदन करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। समाज के महासचिव मदन सिंह इंदा ने बताया कि प्रशासनिक सेवा में समाज के प्रतिनिधियों की भूमिका प्रेरणादायी होती है और इससे युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर तहसीलदार कूप सिंह पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति का आधार शिक्षा है। उन्होंने कहा कि यदि समाज में शिक्षा की क्रांति लाई जाए तो हर क्षेत्र में विकास के नए द्वार खुल सकते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और छात्र-छात्राओं से उच्च शिक्षा प्राप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों, विशेषकर बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
स्वागत समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश सिंह गहलोत, अमर सिंह बगड़ी, करण सिंह मोयल, पूर्व पार्षद गणपत सिंह सांखला, एडवोकेट जय सिंह सांखला, हरि सिंह भायल, नरपत सिंह मेव, सुरेन्द्र सिंह खोखरा, दलपत सिंह सांखला, मुकन सिंह सरदारपुरा, भवानी सिंह चावड़ा, संतोष सिंह, तनवीर सिंह झुपेलाव, कान सिंह रामसनी, श्याम सिंह चौहान, महेन्द्र सिंह, भगत सिंह चौहान, नरेन्द्र सिंह तंवर, दिनेश सिंह इंदा, गोविन्द सिंह पाल सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में समाजजनों ने तहसीलदार कूप सिंह पंवार के सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिलेंगी।



