ईद मिलादुन्नबी को लेकर अंजुमन सीरतुन्नबी की बैठक, जुलूस की तैयारियों पर मंथन, अमन और भाईचारे के साथ आयोजन की अपील

पाली : ईद मिलादुन्नबी के पर्व को लेकर पाली में तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 25 एवं 26 अगस्त को प्रस्तावित जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर अंजुमन सीरतुन्नबी की महत्वपूर्ण बैठक सदर हाजी मोहम्मद रफीक गौरी की अध्यक्षता में उनके निवास पर आयोजित हुई। बैठक में जुलूस को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जुलूस के मार्ग, सजावट एवं रोशनी, सफाई व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय को लेकर पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे। जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप देने पर जोर दिया गया।
अंजुमन सीरतुन्नबी के सदर हाजी मोहम्मद रफीक गौरी ने जुलूस में शामिल होने वाले सभी अकीदतमंदों से विशेष अपील करते हुए कहा कि जुलूस के दौरान डीजे का उपयोग नहीं किया जाए और प्रशासन की ओर से निर्धारित सभी नियमों एवं निर्देशों की पूर्ण पालना की जाए। उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी अमन, शांति, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है। ऐसे में जुलूस को सादगी, अनुशासन और शांतिपूर्ण माहौल में निकाला जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सभी सहयोग करें और ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाए जिससे आमजन को परेशानी हो। उन्होंने पाली की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पर्व के दौरान शहर में सौहार्द और सद्भाव की मिसाल कायम होनी चाहिए।
बैठक में जुलूस के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने, मार्ग में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा सुरक्षा एवं यातायात को लेकर आवश्यक तैयारियां करने पर चर्चा हुई। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
पदाधिकारियों ने कहा कि जुलूस की सभी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाएंगी तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के दौरान अंजुमन सीरतुन्नबी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर होने वाले आयोजनों को अमन, मोहब्बत, आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्व की खुशियां सभी के साथ साझा करते हुए शहर की सामाजिक एकता और भाईचारे को और मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर अंजुमन सीरतुन्नबी के सेक्रेटरी हाजी सईद अंसारी, नायब सदर सैय्यद रमजान सर, आमीन अली रंगरेज, शकील अहमद नागौरी, इसराइल खत्री, गुलाम मुस्तफा, जाकिर गोरी, जावेद जिलानी, फरीद भाई छीपा, इकबाल नागरवाला, आदिल खान, आमीन गोरी सहित अंजुमन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी ने जुलूस की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की बात कही।



