राष्ट्रपति अवार्ड की तैयारी के साथ लोकतंत्र का संदेश, स्काउट-गाइड ने ली निष्पक्ष मतदान की शपथ

पाली : राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय पाली के तत्वावधान में जिला प्रशिक्षण केंद्र बजरंग बाड़ी में आयोजित जिला स्तरीय राष्ट्रपति अवार्ड प्रशिक्षण एवं तैयारी कार्यशाला में शनिवार को स्काउट-गाइड ने लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। आगामी नगर निकाय चुनावों को देखते हुए जिला प्रशासन के मतदाता जागरूकता अभियान के तहत शिविर में निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान की शपथ दिलाई गई।
जिला प्रशिक्षण केंद्र पर चल रहे पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 104 स्काउट-गाइड, रोवर एवं रेंजर भाग ले रहे हैं। शिविर में प्रतिभागियों को राष्ट्रपति अवार्ड परीक्षा की तैयारियों के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन, सेवा भावना और नागरिक कर्तव्यों से भी जोड़ा जा रहा है।
सीओ स्काउट गोविन्द मीना ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रपति अवार्ड के लिए जिले से 134 स्काउट-गाइड एवं रेंजर ने पंजीकरण करवाया है, जो संभाग में सर्वाधिक संख्या है। जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में राष्ट्रपति अवार्ड गाइड के 26, रेंजर के 12, रोवर के 15 और स्काउट के 46 प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके अलावा 5 रोवर राज्य पुरस्कार प्रशिक्षण में भी शामिल हैं। शिविर का उद्देश्य प्रतिभागियों को आगामी राष्ट्रपति अवार्ड परीक्षा के लिए आवश्यक गतिविधियों एवं दक्षताओं का गहन प्रशिक्षण प्रदान करना है।

सीओ गाइड डिंपल दवे ने बताया कि शनिवार को जिला प्रशासन के मतदाता जागरूकता अभियान के तहत शिविर में स्काउट-गाइड, रोवर एवं रेंजर को निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में मताधिकार के महत्व को समझते हुए स्वयं मतदान करने तथा अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस दौरान स्काउट-गाइड ने मतदाताओं को बिना किसी दबाव, प्रलोभन या पक्षपात के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
पांच दिवसीय शिविर में प्रतिभागियों को राष्ट्रपति अवार्ड के लिए निर्धारित विभिन्न विषयों की सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान लॉग बुक तैयार करने, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, प्राथमिक सहायता, आपदा प्रबंधन, टेंट पिचिंग, टेंट लगाना, ध्वज शिष्टाचार, मार्च पास्ट, टर्न आउट और बीपी सिक्स सहित विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास करवाया जा रहा है।
इसके साथ ही दक्षता पदकों से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है, ताकि प्रतिभागी राष्ट्रपति अवार्ड की परीक्षा में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
अधिकारियों के अनुसार आगामी सितंबर और अक्टूबर माह में होने वाले रीजनल लेवल राष्ट्रपति अवार्ड जांच शिविर से पूर्व प्रतिभागियों को जिला स्तर पर पूरी तरह तैयार करने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शिविर आयोजकों का उद्देश्य है कि जिले के अधिक से अधिक स्काउट-गाइड, रोवर एवं रेंजर राष्ट्रपति अवार्ड की परीक्षा में सफल होकर पाली जिले का नाम रोशन करें।
प्रशिक्षण शिविर में पुरुषोत्तम पुरी गोस्वामी, ताराचंद जैन, लीला जैन, चंदनमल, कर्माराम, रघुनाथ मीणा, नसीम बानो, विश्वा परमार एवं जयपाल सिंह सहित प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पूर्व में राष्ट्रपति अवार्ड प्राप्त कर चुके रोवर विशाल सहित अनुभवी स्काउट-गाइड भी प्रतिभागियों को परीक्षा की तैयारियों, आवश्यक गतिविधियों और प्रक्रियाओं के संबंध में बारीकी से जानकारी दे रहे हैं।
इस अवसर पर सीओ स्काउट गोविन्द मीना, सीओ गाइड डिंपल दवे, शिविर संचालक पुरुषोत्तम पुरी गोस्वामी, सचिव सुमेरपुर रघुनाथ राम मीणा एवं चैनाराम सोलंकी सहित शिविर का स्टाफ एवं प्रशिक्षण दल मौजूद रहा। शिविर में प्रशिक्षण के साथ मतदाता जागरूकता का संदेश देकर युवाओं को जिम्मेदार नागरिक और लोकतंत्र के सजग प्रहरी बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।



