google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

मतदाता सूची में गड़बड़ी दूर करने की तैयारी तेज, एसडीएम ने राजनीतिक दलों से बीएलए सक्रिय करने का किया आह्वान

पाली : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पाली में मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। पात्र युवाओं और अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा पाए लोगों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने तथा राजनीतिक दलों के बूथ लेवल अभिकर्ताओं (बीएलए) की सक्रिय भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एक समयबद्ध महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसे निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाना है। इसका प्रमुख उद्देश्य मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करना और सभी पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल करना है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

एसडीएम राणावत ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और सुपरवाइजर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सक्रियता से कार्य कर रहे हैं। इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त बूथ लेवल अभिकर्ताओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने बीएलए को सक्रिय करें और निर्वाचन कार्मिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान में सहयोग दें। बीएलए के माध्यम से पात्र मतदाताओं की पहचान, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन से जुड़े कार्यों में सहयोग मिलने से पुनरीक्षण प्रक्रिया को गति मिलेगी।

बैठक में मतदाता सूची के शुद्धीकरण के साथ नए मतदाताओं के पंजीकरण को प्राथमिकता देने पर चर्चा की गई। एसडीएम ने कहा कि पुनरीक्षण कार्यक्रम का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचना चाहिए। विशेष रूप से ऐसे युवाओं और मतदाताओं की पहचान जरूरी है, जिनका नाम किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी इस महत्वपूर्ण कार्य में प्रशासन, निर्वाचन कार्मिकों और राजनीतिक दलों के बीच आपसी समन्वय जरूरी है। सभी पक्ष मिलकर जिम्मेदारी से कार्य करें तो निर्धारित समय में पुनरीक्षण कार्यक्रम के लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के रूप में रामकिशोर साबू, रफीक चौहान, जेठाराम देवासी और रमेश परमार मौजूद रहे। इसके अलावा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार सुनील कुमार, सुरेश कुमार व्यास, चुनाव शाखा प्रभारी ललित कुमार दवे, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, रमेश अणकिया, अनिल नामा और राजेश कुमार सैन सहित अन्य निर्वाचन कार्मिक एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को निर्धारित समय में पूरा करने और पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button