google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली नगर निगम चुनाव, अवकाश के दिन भी नहीं रुका चुनावी काम, 450 से ज्यादा नामांकन फॉर्म बांटे

पाली : नगर निगम आम चुनाव 2026 को लेकर पाली में चुनावी गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। शुक्रवार को राजकीय अवकाश होने के बावजूद निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा। नगर निगम कार्यालय में निर्वाचन से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्मिक दिनभर चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। वहीं संभावित पार्षद प्रत्याशियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से नामांकन पत्रों का वितरण भी जारी रखा गया।

पहले दिन नामांकन दाखिल नहीं होने के बाद अब संभावित प्रत्याशियों की नजर आगामी नामांकन दिवस पर है। इसी बीच शुक्रवार तक 450 से अधिक नामांकन पत्र वितरित किए जा चुके हैं। बड़ी संख्या में आवेदन पत्र वितरित होने से शहर के विभिन्न वार्डों में चुनावी सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं।

रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि राजकीय अवकाश के बावजूद संभावित उम्मीदवारों को नामांकन पत्र प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम कार्यालय में हेल्प डेस्क को सक्रिय रखा गया।

हेल्प डेस्क पर कार्यरत मोहित माथुर, वीरेन्द्र कुमार एवं गौतम चंद मेवाड़ा ने पार्षद पद के दावेदारों को नामांकन पत्र उपलब्ध करवाए। रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार शुक्रवार तक 450 से अधिक नामांकन पत्र वितरित किए जा चुके हैं। हालांकि नामांकन पत्र लेना और नामांकन दाखिल करना अलग-अलग प्रक्रिया है। नाम निर्देशन पत्र निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही स्वीकार किए जाएंगे।

सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि नगर निगम चुनाव को लेकर निर्वाचन संबंधी सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं। चुनावी प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरणों को देखते हुए शुक्रवार को अवकाश होने के बावजूद विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्मिक कार्यालय पहुंचे और अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन से जुड़े चुनाव, अनुमति, लेखा, पोस्टल बैलेट, प्रशिक्षण, वाहन, मतपत्र मुद्रण, स्वीप, शिकायत, ईवीएम एवं मीडिया प्रकोष्ठ में कार्मिकों ने महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाया। इनमें नामांकन पत्रों के सेट तैयार करने के साथ ही चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अन्य आवश्यक दस्तावेज एवं व्यवस्थाएं तैयार करने का कार्य किया गया।

एसडीएम राणावत ने बताया कि नगर निगम चुनाव की पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन कार्य से जुड़े कार्मिकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी प्रकोष्ठों में किए जा रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

निर्वाचन प्रशासन का प्रयास है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान नामांकन से लेकर मतदान एवं मतगणना तक प्रत्येक चरण निर्धारित नियमों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हो।

नगर निगम चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों के बीच टिकट और चुनावी मैदान में उतरने की तैयारियां पहले से ही चल रही हैं। अब तक 450 से अधिक नामांकन पत्र वितरित होने के बाद शहर के विभिन्न वार्डों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

दावेदार नामांकन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज जुटाने और निर्वाचन संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने में लगे हुए हैं। आने वाले दिनों में नामांकन दाखिल होने के साथ ही यह भी स्पष्ट होने लगेगा कि किस वार्ड में कौन-कौन से प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतर रहे हैं।

अवकाश के दिन भी निर्वाचन संबंधी कार्य जारी रखने से स्पष्ट है कि प्रशासन चुनाव कार्यक्रम के प्रत्येक चरण को समय पर पूरा करने के लिए तैयारियों में जुटा हुआ है। संबंधित अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार कार्य सौंपे गए हैं और विभिन्न प्रकोष्ठों के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है।

नगर निगम कार्यालय में संभावित प्रत्याशियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क के संचालन से आवेदन पत्र प्राप्त करने वालों को भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

इस दौरान ललित कुमार दवे, रमेश कुमार अणकिया, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, राजेश कुमार सैन, अनिता पारीक, शंकर सिंह राजपुरोहित, कुलदीप जोशी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button