google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

खेलकूद शाखा की लंबे समय से चली आ रही कंप्यूटर समस्या दूर, शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ ने भेंट किया कंप्यूटर सेट व प्रिंटर

पाली : जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक शिक्षा कार्यालय की खेलकूद शाखा में लंबे समय से चली आ रही कंप्यूटर संबंधी समस्या का आखिरकार समाधान हो गया। खेलकूद शाखा के कार्यों को सुचारू और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पाली जिला शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ (प्रारम्भिक शिक्षा विभाग) की ओर से कंप्यूटर सेट मय प्रिंटर उपलब्ध करवाया गया। इससे खेलकूद शाखा में संचालित होने वाले विभिन्न कार्यालयीन एवं खेलकूद संबंधी कार्यों में तेजी आने के साथ ही रिकॉर्ड संधारण और आवश्यक दस्तावेज तैयार करने में भी सुविधा मिलेगी।

कंप्यूटर सेट उपलब्ध करवाए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक शिक्षा कार्यालय परिसर में इसका विधिवत उद्घाटन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक शिक्षा कानाराम वागोरिया, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी तेजसिंह पंवार एवं अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी खेलकूद बलवीर सिंह राणावत ने रिबन काटकर कंप्यूटर सेट का उद्घाटन किया।

स्टाफ सचिव राहुल परमार ने बताया कि खेलकूद शाखा में लंबे समय से कंप्यूटर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस संबंध में संघ के प्रतिनिधि छैलेन्द्र सिंह राठौड़ को समस्या से अवगत कराया गया। खेलकूद शाखा के कार्यों को देखते हुए संघ ने पहल करते हुए कंप्यूटर सेट के साथ प्रिंटर उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया और इसे कार्यालय को भेंट किया।

संघ की इस पहल से खेलकूद शाखा में रोजमर्रा के कार्यालयीन कार्यों के साथ प्रतियोगिताओं से संबंधित रिकॉर्ड तैयार करने, पत्राचार, सूची निर्माण, दस्तावेज प्रिंट करने तथा अन्य आवश्यक कार्यों को समय पर पूरा करने में सुविधा मिलेगी।

कंप्यूटर सेट के उद्घाटन अवसर पर कार्यालय की ओर से संघ के पदाधिकारियों एवं जिला खेलकूद प्रभारी छैलेन्द्र सिंह राठौड़ का स्वागत किया गया। अधिकारियों ने संघ की ओर से उपलब्ध करवाए गए कंप्यूटर सेट एवं प्रिंटर को खेलकूद शाखा के लिए उपयोगी बताते हुए इस सहयोग की सराहना की।

वक्ताओं ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ आवश्यक सुविधाओं का होना कार्यों को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेलकूद शाखा में कंप्यूटर सुविधा उपलब्ध होने से खिलाड़ियों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों तथा खेलकूद गतिविधियों से जुड़े कार्यों के संचालन में भी सुविधा होगी।

पाली जिला शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ की ओर से शिक्षा एवं खेलकूद गतिविधियों को बेहतर बनाने की दिशा में किए गए इस सहयोग को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि जहां भी विभागीय स्तर पर संसाधनों की आवश्यकता महसूस होगी, वहां उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सहयोग करने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह, सज्जनसिंह बाली, किशन मेवाड़ा रोहट, मानसिंह, दुर्गाराम, महेन्द्र धायल, प्रदीप चावला, नारायणलाल सोजत, नरपत, धन्नराम मोबारशा, महेन्द्र सिंह, चम्पालाल, भगवानसिंह, हिना सामरिया, उषा सोनगरा सहित शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

वहीं कार्यालय की ओर से प्रकाश सिद्धावत, कैलाशदान खिड़िया, जसपाल सिंह, लालचन्द प्रजापति, विकास पुरोहित, अरुण चौधरी, बबीता वैष्णव एवं निर्मल राणावत सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button