google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

मतदान कार्मिकों को दिया निर्वाचन प्रक्रिया का प्रशिक्षण, संभागीय आयुक्त व जिला कलेक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

पाली : नगर निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर निर्वाचन प्रशासन की तैयारियां लगातार जारी हैं। मतदान दिवस पर निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से मतदान दलों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को महावीर बाल मंदिर प्रशिक्षण स्थल पर पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण स्थल पर संभागीय आयुक्त कन्हैया लाल स्वामी, जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी पहुंचे और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न प्रशिक्षण कक्षों में पहुंचकर मतदान कार्मिकों को दी जा रही जानकारी, प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी ली।

प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों को मतदान दिवस पर उनकी जिम्मेदारियों एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, आवश्यक दस्तावेजों, मतदान की प्रक्रिया तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि मतदान दिवस पर किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए प्रत्येक कार्मिक का निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण से पूरी तरह परिचित होना जरूरी है। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को अपनी शंकाओं का समाधान प्रशिक्षकों से प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

संभागीय आयुक्त कन्हैया लाल स्वामी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। प्रत्येक मतदान कार्मिक को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्पक्षता, गंभीरता, सजगता और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने कार्मिकों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और निर्वाचन से जुड़े नियमों एवं प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझने के निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक बिंदु को ध्यानपूर्वक समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्मिक को किसी प्रक्रिया को लेकर शंका हो तो वह तत्काल प्रशिक्षक से जानकारी लेकर उसका समाधान करें। इससे मतदान दिवस पर किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा सकेगी।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी ने भी प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों से कार्यक्रम की प्रगति और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मतदान कार्मिकों को निर्धारित प्रशिक्षण पूरी गंभीरता के साथ उपलब्ध कराया जाए और निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों एवं दायित्वों की स्पष्ट जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि मतदान दलों की तैयारी जितनी बेहतर होगी, मतदान दिवस पर निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन उतना ही सहज एवं व्यवस्थित रहेगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर गजेंद्र दवे, तुलसी राम चौहान, हेमंत दवे, अनुराग चतुर्वेदी, कल्याण सिंह, ओमप्रकाश कुमावत एवं मनोज काक सहित प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे। मास्टर ट्रेनरों की ओर से मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान की गई।

निर्वाचन प्रशासन की ओर से नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदान कार्मिकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण देकर उन्हें मतदान दिवस के लिए तैयार किया जा रहा है, ताकि जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराई जा सके।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button