google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच के साथ योजनाओं का मिला लाभ, नगर निगम शिविर में 264 सफाई मित्रों का परीक्षण

पाली : ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत बुधवार को पाली नगर निगम परिसर में सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में सफाई मित्रों एवं उनके परिवारजनों ने भाग लिया। इस दौरान नगर निगम के 264 सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है। इसी के तहत आयोजित शिविर में सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य के साथ-साथ उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

शिविर में मेडिकल हेल्थ टीम ने सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की। वहीं उपस्थित सफाई मित्रों और उनके परिवारजनों को राज्य एवं केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मौके पर ही आवेदन प्राप्त किए गए।

शिविर के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 10, प्रधानमंत्री आवास योजना के 2 तथा राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना के 10 आवेदन प्राप्त हुए। संबंधित अधिकारियों की ओर से इन आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया गया।

शिविर के दौरान राज्य में संचालित ‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान’ के तहत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ गतिविधि भी आयोजित की गई। इसके अंतर्गत नगरीय निकाय द्वारा सेवा एवं जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का वीडियो के माध्यम से प्रसारण किया गया।

वीडियो प्रदर्शन के माध्यम से सफाई मित्रों एवं उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता के महत्व, जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी दी।

शिविर में स्वास्थ्य अधिकारी एवं अधिशाषी अभियंता कलीम असरफ, शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर कोर्ट डिस्पेंसरी के चिकित्सक डॉ. गजेन्द्र सिंह भाटी, नर्सिंग अधिकारी प्रकाश कुमार गर्ग, फार्मासिस्ट विशाल राजपुरोहित, जिला परियोजना अधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित, सहायक प्रशासनिक अधिकारी सुरेश बोयत, कनिष्ठ सहायक भगवती, सहायक कर्मचारी खालीद सहित स्वास्थ्य निरीक्षक एवं स्वास्थ्य जमादार मौजूद रहे।

नगर निगम परिसर में आयोजित इस शिविर के माध्यम से सफाई मित्रों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई। अधिकारियों ने स्वच्छता कर्मियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button