भारतमाला हाईवे पर ट्रक से 70 लाख की अवैध शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

जोधपुर : प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत जोधपुर में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आबकारी निरोधक टीम ने मुखबिर की सूचना पर भारतमाला हाईवे पर नाकाबंदी कर एक ट्रक से अन्य राज्य की अवैध अंग्रेजी शराब के 750 कार्टन बरामद किए। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई गई है। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग की टीम को मुखबिर से भारतमाला हाईवे से अवैध शराब की खेप परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने हाईवे पर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर उसकी तलाशी ली गई।
जांच के दौरान ट्रक में फोर सेल इन चंडीगढ़ की ऑल सीजन व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की और चार्ली व्हिस्की ब्रांड की अवैध अंग्रेजी मदिरा के कुल 750 कार्टन मिले। टीम ने शराब को जब्त कर ट्रक चालक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन जोधपुर श्रीमती सीमा कविया के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व उपायुक्त ईपीएफ अरविंद प्रताप सिंह, आबकारी अधिकारी प्रवीण कुमार एवं आबकारी निरीक्षक किशोर सुथार ने किया। कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी पाली मनोज बिस्सा एवं सिपाही मनोज ढाका का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई। चित्तौड़गढ़ एवं बेगूं में एक हजार लीटर वॉश नष्ट कर 78 बोतल हथकड़ एवं 23 पव्वे देशी मदिरा जब्त की गई।
कोटा में 87 बोतल बीयर, 31 पिंट बीयर तथा विभिन्न ब्रांड की 31 बोतल व्हिस्की बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। केकड़ी में 300 लीटर वॉश के साथ दो अवैध भट्टियां नष्ट की गईं और 60 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई।
सिरोही में 20 लीटर हथकड़ मदिरा तथा रेवदर में 20 पव्वे देशी मदिरा जब्त की गई। वहीं आबूरोड़ में 500 लीटर वॉश और एक भट्टी नष्ट करने के साथ 96 पव्वे देशी मदिरा, 24 बोतल बीयर और 40 पव्वे अंग्रेजी मदिरा जब्त की गई।
बारां जिले के शाहबाद उपखंड में आबकारी टीम ने 2100 लीटर वॉश नष्ट कर 40 लीटर हथकड़ मदिरा बरामद की। टोंक के मालपुरा सर्कल में 500 लीटर तथा देवली में 400 लीटर वॉश नष्ट किया गया। इसके साथ ही ढाबों और होटलों पर भी सघन जांच अभियान चलाया गया।
भरतपुर, डीग एवं कुम्हेर में संयुक्त कार्रवाई के दौरान 1500 लीटर वॉश सहित छह अवैध भट्टियां नष्ट की गईं। टीम ने अंग्रेजी मदिरा के 42 पव्वे एवं देशी मदिरा के 22 पव्वे जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं हनुमानगढ़ में कार्रवाई करते हुए छह हजार लीटर वॉश के साथ 10 कच्ची भट्टियों को नष्ट किया गया।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में 14 से 29 सितंबर 2026 तक चलाए गए विशेष निरोधात्मक अभियान के दौरान प्रदेशभर में अवैध मदिरा के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार अभियान के दौरान कुल 1135 अभियोग दर्ज किए गए और 503 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
इस दौरान 8 लाख 72 हजार 393 रुपए लागत की 3183 लीटर देशी मदिरा, 1 करोड़ 57 लाख 78 हजार 440 रुपए लागत की 15,845 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा तथा 3 लाख 32 हजार 762 रुपए लागत की 1532 लीटर बीयर जब्त की गई।
इसके अलावा कार्रवाई में 8459 लीटर हथकड़ शराब और 1,20,350 लीटर स्प्रिट भी जब्त की गई। अभियान के दौरान अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली 3,87,616 लीटर वॉश नष्ट की गई।
अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों पर भी कार्रवाई की। विभाग के अनुसार पांच बड़े वाहन, 13 चार पहिया वाहन और 23 दुपहिया वाहन, यानी कुल 41 वाहन जब्त किए गए।
आबकारी विभाग की ओर से प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।



