google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए विशेष अभियान, बीएलओ ने मतदान केंद्रों पर लिए आवेदन

पाली : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत रविवार को पाली विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के शुद्धीकरण और नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने तथा नाम और अन्य विवरणों में संशोधन करवाने के लिए आवेदन प्राप्त किए।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पाली एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि विशेष अभियान के तहत रविवार को सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर मौजूद रहे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने, अपात्र या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाने तथा नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन लिए गए।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहे। इसके लिए नागरिकों को मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच करने तथा आवश्यकतानुसार आवेदन प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया गया।

शहर के अलग-अलग मतदान केंद्रों पर बीएलओ ने अभियान के तहत नागरिकों से संपर्क कर आवेदन प्राप्त किए। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर धर्मेन्द्र सोलंकी एवं मुकेश गगड़, अम्बेडकर नगर में मोहित माथुर तथा कमल एरिया विद्यालय में सुभाष परमार सहित विभिन्न केंद्रों पर बीएलओ ने पात्र नागरिकों के आवेदन लिए।

उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अगले चरण में सोमवार से घर-घर सर्वे अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत सभी बूथ लेवल अधिकारी लगातार दो दिन तक अपने-अपने मतदान केंद्रों की संबंधित भाग संख्या के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक घर पर पहुंचेंगे और मतदाताओं का सर्वे करेंगे।

इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे तथा मतदाता सूची में दर्ज नामों और विवरणों का सत्यापन करेंगे। साथ ही नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और मौजूदा प्रविष्टियों में संशोधन के लिए निर्धारित फार्म संख्या 6, 7 एवं 8 भरवाए जाएंगे।

प्रशासन की ओर से पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है या नाम, पता अथवा अन्य जानकारी में कोई त्रुटि है, तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करें। विशेष पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना और आगामी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए सूची को त्रुटिरहित बनाना है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button