google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जोधपुर में ट्रेन के एसी कोच से 14.340 किलो गांजा बरामद, लावारिस ट्रॉली बैग में छिपाकर ले जा रहे थे मादक पदार्थ

जोधपुर : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पर 14.340 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 7 लाख 17 हजार रुपए बताई जा रही है। गांजा विशाखापट्टनम-भगत की कोठी ट्रेन के एसी कोच में सीट के नीचे रखे एक लावारिस ट्रॉली बैग से बरामद हुआ। आरपीएफ ने आवश्यक कार्रवाई के बाद जब्त गांजा आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) जोधपुर को सौंप दिया है।

आरपीएफ के अनुसार यह कार्रवाई 30 और 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि को की गई। प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त मुकेश कुमार के निर्देशन में तथा निरीक्षक मदनलाल भाटी के सुपरविजन में रेलवे स्टेशन पर निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान भगत की कोठी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर ट्रेन संख्या 18573 विशाखापट्टनम-भगत की कोठी के पहुंचने पर आरपीएफ टीम ने एसी कोच ए-1 की जांच की। इसी दौरान सीट नंबर 39 के नीचे नीले रंग का एक लावारिस ट्रॉली बैग दिखाई दिया। बैग पर किसी यात्री का दावा सामने नहीं आने पर गवाहों की मौजूदगी में उसे खोलकर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग के अंदर प्लास्टिक के सात पैकेट मिले। संदेह होने पर पैकेटों की जांच और वजन किया गया, जिसमें कुल 14.340 किलोग्राम गांजा पाया गया। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 7.17 लाख रुपए आंकी गई है। आरपीएफ ने गांजे को जब्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी की और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी जोधपुर को सुपुर्द कर दिया।

मामले की जांच जीआरपी थाना जोधपुर की पुलिस निरीक्षक मुक्ता पारीक के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रेन के एसी कोच में गांजे से भरा ट्रॉली बैग किसने रखा था और इसका वास्तविक मालिक कौन है। साथ ही मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क और परिवहन के उद्देश्य की भी जांच की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई को रेल मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button