संत नवलाराम महाराज की 114वीं पुण्यतिथि पर पाली में निकली भव्य शोभायात्रा, 151 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर लिया भाग

पाली : संत शिरोमणि नवलाराम जी महाराज की 114वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को पाली में सरगरा समाज की ओर से श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शिरोमणि नवलाराम महाराज सरगरा समाज सेवा समिति की देखरेख में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गाजे-बाजे और संतों के जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ लाखोटिया उद्यान से हुआ। इस दौरान 151 महिलाओं एवं युवतियों ने सिर पर मंगल कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए यात्रा में भाग लिया। वहीं समाज के युवाओं ने पूरे मार्ग में संत नवलाराम महाराज के जयकारे लगाकर श्रद्धालुओं में उत्साह का संचार किया। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर समाजबंधुओं एवं शहरवासियों ने स्वागत किया।

शोभायात्रा लाखोटिया उद्यान से रवाना होकर गांधी मूर्ति, अंबेडकर सर्किल, सूरजपोल, सोमनाथ मंदिर एवं भैरूघाट सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः लाखोटिया उद्यान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भागीदारी और संत नवलाराम महाराज के जयकारों से वातावरण धर्ममय बना रहा।
शोभायात्रा से पूर्व सुबह भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें भजन गायक जितेंद्र चौहान एवं विक्रम कच्छवाहा ने अपनी भजनों की प्रस्तुतियों के माध्यम से संतों की महिमा का गुणगान किया। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पिचियाक स्थित राजा बलि मंदिर के महंत संत अर्जुनदास महाराज, विधायक भीमराज भाटी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, महापौर नमिता विकास बुबकिया, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, राजस्थान प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री राकेश पंवार, श्रेयांश राठौड़ एवं चंद्रकांत मारू शामिल हुए।
धार्मिक आयोजन में संत बाबूनाथ, संत मांगीलाल आचार्य, संत मोतिनाथ, संत भरतनाथ एवं संत केवलदास का सानिध्य रहा। संतों की उपस्थिति में श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के समापन पर महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें सरगरा समाज की 52 पट्टियों से जुड़े बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर समिति अध्यक्ष दिनेश कच्छवाहा, उपाध्यक्ष बंशीलाल, कोषाध्यक्ष मदन मंडली, संरक्षक हीरालाल खैरवा, कालूराम मोटा, गोरधनलाल पटवारी, भंवरलाल पंवार आउवा, हरिराम कच्छवाह, केवलचंद पंवार, भेराराम पंवार, दौलतराम देवड़ा, देवाराम माताजी गुड़ा, जगदीश धनला, अशोक बांता, रूपाराम एवं चंपालाल देवली सहित समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आयोजन को सफल बनाने में कार्यकारिणी सदस्य पंकज चौहान, सूरज राठौड़, महेश कच्छवाहा, धनराज चौहान, सोहन पंवार, अनिल चौहान, रवि कच्छवाहा, अजय चौहान, विशाल मानपुरा एवं ओमप्रकाश सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया। समाज के लोगों ने एकजुट होकर संत नवलाराम महाराज की पुण्यतिथि को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया।




