google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

22 नवंबर को चलेगा पल्स पोलियो अभियान, पाली में तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, छूटे हुए बच्चों की होगी पहचान

पाली : जिले में बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने और नियमित टीकाकरण अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 22 नवंबर को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान तथा नियमित टीकाकरण (आरआई) की माइक्रोप्लानिंग को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। चिकित्सा विभाग एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में जिलेभर के स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला में नियमित टीकाकरण की व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने, टीकाकरण से वंचित एवं छूटे हुए बच्चों की पहचान करने तथा आगामी पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान के तहत कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहे, इसके लिए क्षेत्रवार प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

कार्यशाला में विश्व स्वास्थ्य संगठन की प्रतिनिधि डॉ. कृति पटेल ने नियमित टीकाकरण के माइक्रोप्लान को अपडेट करने और टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों की पहचान करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आगामी पल्स पोलियो अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की।

उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रवार माइक्रोप्लान तैयार करने, बच्चों की सूची अपडेट रखने, टीकाकरण टीमों एवं बूथों की व्यवस्था करने तथा वैक्सीन और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही अभियान के दौरान प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।

आरसीएचओ डॉ. विजेंद्र पाल सिंह चुंडावत ने कार्यशाला में नियमित टीकाकरण के संशोधित माइक्रोप्लान की समीक्षा करते हुए टीकाकरण से वंचित एवं छूटे हुए बच्चों की पहचान को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने आगामी पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को माइक्रोप्लान के अनुसार टीमों का गठन करने तथा अभियान की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जमीनी स्तर पर बेहतर योजना और सभी संबंधित कार्मिकों के बीच समन्वय आवश्यक है।

एनएचएम के डीपीओ भवानी सिंह ने भी कार्यशाला में अपने विचार व्यक्त करते हुए नियमित टीकाकरण एवं पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय और प्रभावी कार्ययोजना पर जोर दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से अभियान की तैयारियों को गंभीरता से पूरा करने की बात कही।

कार्यशाला में जिले के सभी ब्लॉक बीसीएमओ, बीपीएम तथा पीएचसी एवं यूपीएचसी के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। इस अवसर पर एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीतकुमार गुर्जर, एनयूएचएम के डीपीओ जितेंद्र परमार, डीपीसी आशा कुलदीप गोस्वामी एवं डीएनओ विवेक पाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय कार्यशाला के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग ने आगामी पल्स पोलियो अभियान और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक तैयारियों एवं जिम्मेदारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button