google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशधार्मिकब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में जैन दिवाकर चौथमलजी महाराज की 159वीं जन्म जयंती मनाई, संतों ने किया गुणगान

पाली : श्री रघुनाथ स्मृति भवन में प्रवर्तक सुकन मुनि के सानिध्य में चल रहे चातुर्मास कार्यक्रम के तहत रविवार को जैन दिवाकर चौथमलजी महाराज की जन्म जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संत-साध्वीवृंद ने उनके जीवन, त्याग, तपस्या, गुरु भक्ति और समाज सुधार के कार्यों का गुणगान किया। प्रवचन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जैन दिवाकर चौथमलजी महाराज ने जैन धर्म को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विभिन्न समाजों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में डॉक्टर वरुण मुनि ने कहा कि दुनिया में अनेक लोग जन्म लेते हैं और संसार से विदा हो जाते हैं, लेकिन याद बहुत कम लोगों को किया जाता है। कुछ महापुरुष ऐसे होते हैं, जिनका जीवन और मरण दोनों ही समाज के लिए प्रेरणादायी बन जाते हैं। उनके नाम से संप्रदाय चलते हैं और उनके विचार पीढ़ियों तक लोगों का मार्गदर्शन करते हैं। जैन दिवाकर चौथमलजी महाराज भी ऐसे ही महान संत थे, जिनका जीवन धर्म, साहित्य और समाज सेवा को समर्पित रहा।

डॉ. वरुण मुनि ने कहा कि चौथमलजी महाराज काव्य प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने अनेक कविताओं, भजनों और धार्मिक रचनाओं के माध्यम से जैन धर्म के सिद्धांतों को जनसाधारण तक पहुंचाया। उनके प्रवचनों में समाज के सभी वर्गों के लोग पहुंचते थे। उन्होंने धर्म को केवल एक वर्ग तक सीमित नहीं रखा, बल्कि सभी समाजों को एक साथ जोड़ने का कार्य किया।

उन्होंने बताया कि चौथमलजी महाराज का जन्म नीमच के चौरड़िया परिवार में गंगारामजी और केसरबाई के घर हुआ था। बचपन में उनका नाम चौथमल था। परिवार में बड़े भाई कालूराम थे। युवावस्था में उनका विवाह मानकवर से हुआ, लेकिन उनका मन सांसारिक जीवन में नहीं लगा और धीरे-धीरे वैराग्य भाव प्रबल होता गया।

डॉ. वरुण मुनि ने बताया कि चौथमलजी महाराज ने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना किया। सांसारिक जिम्मेदारियों और पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद उनका मन धर्म और साधना की ओर आकर्षित रहा। अंततः वे संत हीरालालजी के संपर्क में आए और उनके सानिध्य में दीक्षा ग्रहण की। उनके जीवन में गुरु भक्ति कूट-कूट कर भरी हुई थी।

डॉ. वरुण मुनि ने कहा कि चौथमलजी महाराज ने अपने जीवनकाल में समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करने का कार्य किया। पाली में उनके चातुर्मास के दौरान ओसवाल, अग्रवाल, माहेश्वरी, ब्राह्मण सहित विभिन्न समाजों के लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने बताया कि करीब 99 वर्ष पूर्व पाली में उनके प्रयासों से पर्युषण पर्व के दौरान बाजार बंद रखने की परंपरा शुरू हुई, जो आज भी कायम है। उस समय पाली के हाकिम सवाई सिंह थे। इस पहल में शहर के सभी 36 कौम के लोगों ने सहयोग दिया। महाराज के प्रवचनों में सभी समाजों के लोग शामिल होते थे और उनके विचारों से प्रेरणा लेते थे।

इस अवसर पर साध्वी प्रीतिसुधा ने जैन दिवाकर चौथमलजी महाराज के जीवन का गुणगान करते हुए कहा कि मानव जीवन में बाल्यावस्था, युवावस्था, प्रौढ़ावस्था और वृद्धावस्था चार प्रमुख अवस्थाएं होती हैं। बाल्यावस्था खेलकूद में, युवावस्था विवाह और मौज-मस्ती में, प्रौढ़ावस्था परिवार और व्यवसाय की जिम्मेदारियों में तथा वृद्धावस्था शारीरिक कमजोरी के बीच गुजरती है।

उन्होंने कहा कि जीवन में धर्म और गुरु की शरण का लाभ लेने के लिए समय का सदुपयोग करना चाहिए। चातुर्मास के दौरान संतों और साध्वियों के सानिध्य में धर्म श्रवण का अवसर मिलता है। ऐसे अवसरों का लाभ लेकर जीवन को धन्य बनाया जा सकता है।

साध्वी प्रीतिसुधा ने कहा कि जैन दिवाकर चौथमलजी महाराज का जीवन ओजस्वी और प्रेरणादायी था। उनका जन्म विक्रम संवत 1934 में कार्तिक मास की तेरस को हुआ था। 16 वर्ष की आयु में उनका विवाह और 18 वर्ष की आयु में विक्रम संवत 1957 में मालवा के बोरिया गांव में गुरु हीरालालजी के सानिध्य में दीक्षा हुई। विक्रम संवत 2007 में कोटा में उनका देवलोकगमन हुआ।

उन्होंने बताया कि चौथमलजी महाराज की प्रेरणा से पाली निवासी उपाध्याय मूलचंदजी महाराज ने भी दीक्षा ग्रहण की थी। संतों का जीवन समाज के लिए कल्याणकारी होता है और उनके विचारों को जीवन में उतारने से व्यक्ति का जीवन सार्थक बनता है।

प्रवर्तक सुकन मुनि ने कहा कि आज जैन रत्न चौथमलजी महाराज की जन्म जयंती पर सभी ने उनकी जीवनी सुनी है। चातुर्मास के अब दो दिन शेष हैं। ऐसे में सभी को महावीर स्वामी की वाणी का श्रवण कर उसे अपने जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चौथमलजी महाराज गुरु के प्रति अत्यंत सजग और समर्पित थे। वे कोटा संप्रदाय से जुड़े महान संत थे। मुन्नालालजी और चौथमलजी महाराज गुरु भाई थे। चौथमलजी महाराज अपने गुरु हीरालालजी का अत्यंत आदर करते थे। वे जहां भी जाते, वहां लोगों की भीड़ बढ़ती जाती थी और सभी समाजों के लोग उनके प्रवचनों को सुनने पहुंचते थे।

प्रवर्तक सुकन मुनि ने कहा कि चौथमलजी महाराज की वाणी में अद्भुत शक्ति थी। उनके विचारों और प्रवचनों से लोगों को धर्म, संयम और सदाचार की प्रेरणा मिलती थी। उनकी जन्म जयंती पर सभी को उन्हें कोटि-कोटि नमन करना चाहिए।

कार्यक्रम में मंत्री प्रकाश कटारिया ने जैन दिवाकर चौथमलजी महाराज की जीवनी का वर्णन किया। उन्होंने महाराज को तेजस्वी, ओजस्वी, प्रभावशाली और बहुआयामी व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि उनका जीवन संयम, तपस्या, गुरु भक्ति और साहित्य सृजन का अनुपम उदाहरण था।

उन्होंने बताया कि चौथमलजी महाराज के प्रवचनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते थे। उनके दर्शन और वाणी से लोगों को आध्यात्मिक शांति मिलती थी। महाराज ने अपने जीवन से धर्म के प्रचार-प्रसार और समाज को नई दिशा देने का कार्य किया।

कार्यक्रम के अंत में संघ की ओर से बाहर से पधारे सभी अतिथियों का स्वागत एवं बहुमान किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने जैन दिवाकर चौथमलजी महाराज के जीवन और विचारों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button