जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव भाटी का बाल गृहों पर आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पाली : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) पाली के सचिव विक्रम सिंह भाटी ने सोमवार को राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह तथा राजकीय शिशु गृह का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने गृहों की साफ-सफाई, बच्चों के लिए स्वच्छ कपड़े, बिस्तर, भोजन एवं आहार व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, पालनागृह की स्थिति और भवन की भौतिक स्थिति का गहन अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर गृह में उपलब्ध सुविधाओं, अध्ययन व्यवस्था, परिवारजनों से मुलाकात और विधिक मामलों में न्यायमित्र की ओर से दी जाने वाली जानकारी के बारे में भी जानकारी ली।

बालकों ने सचिव भाटी को बताया कि उन्हें पौष्टिक आहार, नाश्ते में चाय व दूध उपलब्ध कराया जाता है। मनोरंजन हेतु गृह में कैरेम, सांप-सीढ़ी, लूडो जैसे इनडोर गेम्स भी उपलब्ध हैं। सचिव भाटी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गृहों में आवासित बालकों को मैत्रीपूर्ण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा भवन की नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर समन्वयक कन्हैयालाल और न्यायमित्र खुमाराम परिहार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।



