google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

दीपावली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: पाली में चार प्रतिष्ठानों पर माप-तौल में गड़बड़ी, ₹16,500 का जुर्माना

पाली : दीपावली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, जयपुर के निर्देशानुसार पाली जिले में मिठाई, सूखे मेवे, बेकरी उत्पाद आदि की गुणवत्ता और माप-तौल में गड़बड़ी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 19 अक्टूबर तक जारी रहेगा।

रसद अधिकारी मंजीत सिंह ने बताया कि अभियान के तहत गठित संयुक्त जांच दल प्रवर्तन अधिकारी कमल कुमार पंवार, जितेन्द्रसिंह आशिया और विधिक माप विज्ञान अधिकारी विष्णु जोशी — ने मंगलवार को फालना क्षेत्र के चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इनमें सनराईज स्टोर, रामगोपाल ट्रेडिंग कम्पनी, आदर्श मिष्ठान भण्डार और चौधरी भगाजी लालाजी हलवा वाला शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान बाट माप सत्यापन प्रमाण पत्र का अभाव, डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित न करना, और पैक्ड वस्तुओं पर अनिवार्य जानकारी का अंकन नहीं होना जैसी अनियमितताएं पाई गईं। इन चारों प्रतिष्ठानों पर कुल ₹16,500 का जुर्माना लगाया गया।

अधिकारियों ने जिले के सभी व्यापारियों को चेतावनी दी है कि वे अपनी दुकानों पर वजन संबंधी डिस्प्ले स्पष्ट रूप से लगाएं, बाट माप का सत्यापन करवा कर प्रमाण पत्र प्रदर्शित करें, तथा डिब्बाबंद वस्तुओं पर सभी आवश्यक सूचनाएं अंकित करें। नियमों की अवहेलना पर विधिक मापविज्ञान अधिनियम, 2009 एवं विधिक मापविज्ञान (डिब्बाबंद वस्तुएं) नियम, 2011 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे खरीदारी करते समय वस्तुओं का वास्तविक तोल करवाएं और किसी भी अनियमितता की स्थिति में शिकायत करें। शिकायतें हेल्पलाइन नंबर 1800-180-6030 या व्हाट्सएप नंबर 72300-86030 पर दर्ज करवाई जा सकती हैं। अभियान दीपावली तक लगातार जारी रहेगा, ताकि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को शुद्ध व सही तौले गए उत्पाद ही मिल सकें।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button