महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित जागरूकता कार्यक्रम, पाली में बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों पर दी गई विस्तृत जानकारी

पाली : पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र द्वारा आयोजित महिला जागरूकता कार्यक्रम में समाज में बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में केंद्र की प्रबंधक प्रियंका व्यास ने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ (BBBP) योजना, जो 22 जनवरी 2015 को शुरू हुई थी, का मुख्य उद्देश्य घटते बाल लिंगानुपात को सुधारना, लिंग-भेदभाव को रोकना और लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देना है।
प्रियंका व्यास ने महिलाओं को मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री नारी प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना के तहत मिलने वाले निःशुल्क RS-CFA तथा RSCIT प्रशिक्षण, और काली बाई भील शिक्षा सेतु योजना के बारे में भी अवगत कराया। इसके अंतर्गत 10वीं और 12वीं कक्षा से ड्रॉपआउट बालिकाओं को राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल के माध्यम से आगे की पढ़ाई का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सुपरवाइजर पिंकी मीणा ने महिलाओं से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी, जिनमें कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध व प्रतितोष) अधिनियम 2013, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO), बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और साइबर अपराधों से सुरक्षा संबंधित जानकारी शामिल रही। उन्होंने राज.कॉप सिटीजन ऐप, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गरिमा हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930 और आपातकालीन नंबर 112 की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की विधिक सलाहकार भाग्यश्री गहलोत, नरेगा प्रभारी डिंपल प्रजापत सहित लगभग 20 कार्मिक उपस्थित रहे और महिलाओं को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।



