google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

रोहट में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम, बालिकाओं ने ली कुप्रथा समाप्त करने की शपथ

पाली : जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार को रोहट स्थित कृष्णा उच्च माध्यमिक विद्यालय में 100 दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपनिदेशक महिला अधिकारिता भागीरथ के निर्देशानुसार किया गया।

जिला हब एम्पावरमेंट ऑफ वुमन से जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बाल विवाह की सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह न केवल बालिकाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उनकी शिक्षा और आत्मनिर्भर भविष्य के अवसर भी छीन लेता है। यह कुप्रथा समाज के समग्र विकास में बड़ी बाधा है।

राजश्री ने बताया कि यह अभियान जिले, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, ताकि जन-जागरूकता बढ़ाकर बाल विवाह को जड़ से समाप्त किया जा सके। उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम-2006 की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की एवं 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह कानूनन अपराध है। बाल विवाह कराने, उसे बढ़ावा देने या सहयोग करने पर दो वर्ष तक का कारावास अथवा एक लाख रुपये तक का जुर्माना अथवा दोनों का प्रावधान है।

उन्होंने बालिकाओं से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले, तो बिना डर के तुरंत बाल विवाह निषेध अधिकारी, पुलिस हेल्पलाइन 112, मजिस्ट्रेट या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर बाल विवाह रोका जा सके।

कार्यक्रम के दौरान महिला अधिकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। लाडो प्रोत्साहन योजना एवं काली बाई भील उड़ान योजना को बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए इनके लाभ समझाए गए।

कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और बाल विवाह मुक्त समाज बनाने की शपथ ली। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार, हुकमाराम, सुनील गोदारा, पिंकू कर, सावन गर्ग, पुष्पाराम, जगदीश, शोभा शर्मा, हर्षवर्धन, जयपाल, आरकेसीएल हंस राज गोस्वामी सहित 70 बालिकाएं उपस्थित रहीं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button