google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
देशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

सिरोही सदर बाजार में ज्वेलरी शॉप पर बड़ी चोरी, लाखों के जेवरात-नकदी साफ, बाजार बंद, व्यापारियों का फूटा गुस्सा

सिरोही : शहर के सदर बाजार में सोमवार देर रात चोरों ने बेखौफ होकर एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए दुकान का शटर तोड़ दिया और सबूत मिटाने के इरादे से सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी साथ ले गए।

पुलिस के अनुसार व्यापारी कमलेशकुमार पुत्र माणकचंद सोनी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब आस-पास के लोगों ने दुकान का शटर खुला देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। व्यापारी ने प्रारंभिक जांच में भारी मात्रा में जेवरात और नकदी चोरी होने की जानकारी दी है।

स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि रात की गश्त केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। उनका कहना है कि पुलिसकर्मी नीलवणि चौक क्षेत्र में अलाव तापते रहते हैं, जिससे सदर बाजार की दुकानों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।

घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने सदर बाजार बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने सवाल उठाया कि जब शहर का मुख्य बाजार ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता और व्यापारियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।

सूत्रों के अनुसार चोर एक वैन में सवार होकर आए और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस वैन के आने-जाने के संभावित रास्तों को खंगाल रही है। सूचना मिलते ही डीएसपी मुकेश चौधरी, कोतवाल कैलाशदान सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश तेज कर दी है, जबकि व्यापारी जल्द खुलासे और ठोस सुरक्षा व्यवस्था की मांग पर अड़े हुए हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button