google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
देशब्यावरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

ब्यावर में रात की गश्त के दौरान दो संदिग्ध महिलाएं पकड़ीं, दस्तावेज जांच में बांग्लादेशी नागरिकता की पुष्टि

ब्यावर : अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ब्यावर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना साकेत नगर पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान दो संदिग्ध महिलाओं को डिटेन किया। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने दोनों के बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि की है। आवश्यक कार्रवाई के लिए दोनों महिलाओं को अस्थाई होल्डिंग सेंटर, अजमेर भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक जिला ब्यावर रतन सिंह आईपीएस के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां आरपीएस के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार थाना साकेत नगर पुलिस को संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में आसूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने रात्रि गश्त के दौरान कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 22 अगस्त की रात थाना साकेत नगर की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बिरवासिंह की चक्की, फतेहपुरिया दोयम के पास दो खानाबदोश महिलाओं से पुलिस ने पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान दोनों महिलाओं की बातचीत और भाषा पुलिस को संदिग्ध लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को डिटेन कर मामले की जानकारी जिला विशेष शाखा ब्यावर एवं सीआईडी यूनिट ब्यावर को दी।

सूचना मिलने के बाद जिला विशेष शाखा और सीआईडी यूनिट के अधिकारियों ने थाना पुलिस के साथ मिलकर दोनों महिलाओं से पूछताछ की। उनके पास मौजूद दस्तावेजों की भी जांच की गई।

पुलिस के मुताबिक दस्तावेजों की जांच में दोनों महिलाओं की बांग्लादेशी नागरिकता से संबंधित दस्तावेज सामने आए। संयुक्त जांच के बाद दोनों के बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि की गई।

पुलिस ने डिटेन की गई महिलाओं की पहचान खुर्शीदा अख्तर पत्नी स्वर्गीय काउसर, उम्र 33 वर्ष, निवासी रोसलपुर, थाना देवीदर, जिला कुमिला, बांग्लादेश तथा आशिया बेगम उर्फ पोपी बेगम पुत्री रफीक डावलादार, निवासी सिन्निचार, पोस्ट उतर जांगलिया, महेदीगंज, जिला बारीशाल, बांग्लादेश के रूप में बताई है।

पूछताछ एवं प्रारंभिक दस्तावेजी जांच पूरी होने के बाद दोनों महिलाओं को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए अस्थाई होल्डिंग सेंटर अजमेर भेज दिया गया।

पुलिस की ओर से अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान एवं सत्यापन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए पुलिस द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।

ब्यावर पुलिस की इस कार्रवाई को इसी अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अब दोनों महिलाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और उनके भारत में रहने तथा यहां तक पहुंचने से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई में थाना साकेत नगर थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक सुरजीत ठोलिया, सहायक उपनिरीक्षक उगमसिंह, जिला विशेष शाखा के सहायक उपनिरीक्षक कमल किशोर, कांस्टेबल ईश्वर लाल (702), कांस्टेबल गोविन्दसिंह (730) तथा थाना साकेत नगर की महिला कांस्टेबल अनोखी (2043) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button