google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliअपराधदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में अकेले रह रहे शिक्षक की संदिग्ध हालात में मौत, दो दिन बाद कमरे से मिला शव

पाली : पाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के दयालपुरा गांव में एक 40 वर्षीय सरकारी शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शिक्षक का शव दो दिन बाद किराए के मकान के कमरे में मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मुकेश मीणा (40) पुत्र गोपाल मीणा निवासी रेहड़ (निवाई), टोंक के रूप में हुई है। वह पिछले तीन वर्षों से दयालपुरा में किराए के मकान में अकेले रह रहे थे और गांव के राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय उच्च माध्यमिक संस्कृत स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।

ग्रामीणों ने बताया कि 10 अप्रैल को मुकेश स्कूल गए थे, लेकिन 11 और 12 अप्रैल को अवकाश होने के कारण वे बाहर नहीं दिखे। रविवार शाम करीब 5 बजे मकान से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान का दरवाजा खुलवाया तो अंदर कमरे में पलंग पर शिक्षक का शव पड़ा मिला।

पुलिस के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना होने के कारण सड़ने लगा था। मकान अंदर से बंद होने के कारण फिलहाल किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश की संभावना नहीं जताई जा रही है।

परिजनों ने बताया कि मुकेश लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित थे, जिससे हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

मुकेश के परिवार में पत्नी और दो बेटे (13 और 9 वर्ष) हैं, जो टोंक में रहते हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

डॉक्टरों के अनुसार, अकेले रहने वाले लोगों में हार्ट अटैक के समय तत्काल मदद न मिलने से जान का खतरा बढ़ जाता है। आशंका है कि मुकेश के साथ भी इसी तरह की स्थिति बनी होगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button