पाली : प्री-डीएलएड परीक्षा को लेकर भारी उत्साह, 12 केंद्रों पर 9155 अभ्यर्थी शामिल, देर से पहुंचने पर कई रह गए बाहर

पाली : शहर में बुधवार को प्री-डीएलएड परीक्षा 2026 का आयोजन कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच किया गया। जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 9155 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया। सुबह पहली पारी शुरू होने से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। खास बात यह रही कि इस बार लड़कों की तुलना में लड़कियों की संख्या अधिक नजर आई।
बांगड़ कॉलेज और बांगड़ स्कूल परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पहुंचने लगे। सुबह 8:30 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति थी, जिसके बाद गेट बंद कर दिए गए। कड़ी जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। कई महिला अभ्यर्थियों को नाक-कान के गहने, मन्नत के धागे और कपड़ों पर लगे बटन तक हटवाने पड़े।
इस दौरान कुछ अभ्यर्थियों को छोटी-सी चूक भारी पड़ गई। कीरवा गांव की गायत्री बस नहीं मिलने के कारण मात्र तीन मिनट देरी से पहुंची और परीक्षा केंद्र के बाहर ही रह गई। वहीं दिवांदी की खुशबू गलती से दूसरे सेंटर पहुंच गई, जिससे समय पर अपने केंद्र तक नहीं पहुंच सकी और एंट्री नहीं मिल पाई।

परीक्षा केंद्रों पर भावुक दृश्य भी देखने को मिले। सालरिया ढाणी नाडोल निवासी सोनाराम देवासी अपनी पत्नी इंद्रा देवासी को परीक्षा दिलाने पहुंचे। वे डेढ़ साल की बेटी को गोद में और चार साल के बेटे का हाथ पकड़कर पत्नी का हौसला बढ़ाते नजर आए। सोनाराम ने बताया कि उनकी पत्नी 12वीं पास है और आगे पढ़-लिखकर कुछ बनना चाहती है, इसलिए पूरा परिवार उसके सपनों को पूरा करने में साथ खड़ा है।
जिला समन्वयक डॉ. महेंद्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जा रही है। पहली पारी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। परीक्षा में नकल रोकने के लिए उड़नदस्ता टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं।
प्रशासन ने परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र साथ लाने के निर्देश दिए थे। कई अभ्यर्थियों के दस्तावेजों में नाम मिलान की समस्या भी सामने आई, जिन्हें जांच के बाद प्रवेश दिया गया।



