google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

‘पाली पढ़ेगा, सपने बुनेगा’ अभियान की शुरुआत, 638 स्कूलों-आंगनबाड़ियों में बनेंगे पुस्तकालय, दो लाख बच्चों तक पहुंचेगा बाल साहित्य

पाली जिले में बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला प्रशासन की ‘आओ गाँव चलें’ और ‘मिशन मानस’ पहल के तहत मंगलवार को जिला परिषद ऑडिटोरियम में ‘पाली पढ़ेगा, सपने बुनेगा’ पठन अभियान एवं पुस्तकालय उपयोग कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।

प्रथम बुक्स और नयारा एनर्जी लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के सहयोग से शुरू हुआ यह अभियान अगले एक वर्ष तक संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य जिले के बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही पढ़ने की संस्कृति विकसित करना और उन्हें रोचक एवं गुणवत्तापूर्ण बाल साहित्य उपलब्ध कराना है।

अभियान के तहत जिले के 276 विद्यालयों और 362 आंगनबाड़ी केंद्रों, यानी कुल 638 शिक्षण संस्थानों में रीडिंग कॉर्नर, कक्षा पुस्तकालय तथा पोर्टेबल हैंगिंग लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी।

इन पुस्तकालयों के माध्यम से लगभग दो लाख बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण बहुभाषी बाल साहित्य पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि बचपन से ही उनमें नियमित पठन की आदत विकसित हो सके।

कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक विद्यालय में पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय को हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती और मराठी भाषाओं की 100 से अधिक चयनित चित्र-पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अलावा समय-समय पर नई पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी और विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि बढ़ाने के लिए वार्षिक पठन मेलों का भी आयोजन किया जाएगा।

अभियान के तहत शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आनंददायी पठन, सस्वर कहानी वाचन, गतिविधि-आधारित शिक्षण और रचनात्मक पठन तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे बच्चों को पढ़ाई के प्रति अधिक आकर्षित कर सकें।

प्रथम बुक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिमांशु गिरी ने कहा कि जिला प्रशासन और नयारा एनर्जी के सहयोग से शुरू किया गया यह अभियान बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने के साथ-साथ शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता वृद्धि में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

वहीं, नयारा एनर्जी के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह पहल बच्चों में स्थायी पठन संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

कार्यक्रम में जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेंद्र मेहता, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राहुल कुमार राजपुरोहित, समेकित बाल विकास सेवाओं के उपनिदेशक प्रकाश चंद्र, दिलीप कर्मचंदानी, सीडीपीओ सुरभि चौहान, एडीपीसी प्रवीण सिंह चारण, परियोजना अधिकारी कल्याण सिंह, लक्ष्मण चौधरी सहित शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला प्रशासन, प्रथम बुक्स और नयारा एनर्जी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

यह अभियान पाली जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, बच्चों में पढ़ने की रुचि बढ़ाने और ज्ञान आधारित समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button