google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

ग्रामीण सेवा शिविर बना उम्मीद की किरण, वर्षों बाद नारायणलाल को मिला पुश्तैनी मकान का पट्टा, कानूनी मालिकाना हक हुआ सुनिश्चित

पाली : राज्य सरकार की ग्रामीण सेवा शिविर पहल ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। शुक्रवार को पाली जिले की ग्राम पंचायत बाणियावास में आयोजित शिविर में एक और लंबित मामले का मौके पर समाधान हुआ, जब नारायणलाल पुत्र नैनाराम मेघवाल को उनके पुश्तैनी मकान का पट्टा प्रदान किया गया। वर्षों से पट्टे के इंतजार में बैठे परिवार को आखिरकार अपने घर का वैधानिक मालिकाना हक मिल गया।

नारायणलाल ने बताया कि पुश्तैनी मकान का पट्टा नहीं होने के कारण उन्हें विभिन्न प्रशासनिक कार्यों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण सेवा शिविर की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया, जिस पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही पट्टा जारी कर दिया।

पट्टा प्राप्त करने के बाद नारायणलाल ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके मकान का कानूनी स्वामित्व सुनिश्चित हो गया है। इससे वे विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे और परिवार का भविष्य भी अधिक सुरक्षित होगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं, जहां वर्षों से लंबित मामलों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

जिला प्रशासन के अनुसार ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से पट्टा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा और अन्य जनहित से जुड़े मामलों का मौके पर निस्तारण किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

शुक्रवार को पाली उपखंड क्षेत्र की बाणियावास, चोटिला, चौपड़ा, राजोला कलां, गुड़ा सुरसिंह, रडावास, मादा, नीपल, सेसली, कोटबालियान, लुणावा, पालड़ीजोड़ और सलोदरिया सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए गए।

प्रशासन के अनुसार आगामी दिनों में भी जिलेभर में शिविरों का सिलसिला जारी रहेगा। 11 जुलाई को बोमादड़ा और देसूरी, 13 जुलाई को सांपा, भाकरीवाला, धुरासनी, सरदार समंद, पांचेटिया, चिरपटिया, माण्डीगढ़, पिलोवनी, लाटाड़ा, शिवतलाव, मुण्डारा और खिमाड़ा, 14 जुलाई को भांगेसार, खाण्डी, सुरायता, शिवपुरा, धामली, सिरियारी, डायलाना कलां, सिवास, भीटवाड़ा, गुडालास और गोगरा, जबकि 15 जुलाई को निम्बली उर्रा, सोनाईलाखा, धाकड़ी, धिनावास, जाडन, नाडोल, वणदार, खीमेल, धणी और नेतरा ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आमजन की लंबित समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button