पाली में जर्जर स्कूल भवनों पर प्रशासन सख्त, एडीईओ ने 10 विद्यालयों का किया निरीक्षण छात्रों की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

पाली : जिले में विद्यालयों की जर्जर भवन स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखानी शुरू कर दी है। जिला कलक्टर के निर्देश पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) तेज सिंह पंवार ने शुक्रवार को सोनाई माझी, सोडावास और गुंदोज ग्राम पंचायत क्षेत्र के 10 राजकीय विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण कर भवनों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय भवनों की मजबूती, कक्षाओं की सुरक्षा और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों से चर्चा कर जर्जर भवनों से जुड़े जोखिम और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
एडीईओ पंवार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि संभावित दुर्घटनाओं की आशंका वाले भवनों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं।

निरीक्षण के बाद उन्होंने राजकीय विद्यालय ठाकुरला का भी दौरा किया, जहां शैक्षणिक संबलन गतिविधियों का अवलोकन करते हुए विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों से हिंदी, अंग्रेजी, गणित एवं अन्य विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके सीखने के स्तर का मूल्यांकन किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया, वहीं शिक्षकों को गतिविधि आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पद्धति अपनाने के निर्देश दिए ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
तेज सिंह पंवार ने कहा कि सुरक्षित विद्यालय परिसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शिक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान तैयार की गई रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर जर्जर विद्यालय भवनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य कानाराम वागोरिया, घनश्याम बोधा, शिवराम, हितेश रामावत, विकास राजपुरोहित तथा भामाशाह सोहन सिंह सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।



