google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर, टीबी मुक्त भारत से लेकर मौसमी बीमारियों तक बने विशेष एक्शन प्लान

पाली : जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा मौसमी बीमारियों, टीबी और बढ़ती जनसंख्या जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए चिकित्सा विभाग ने व्यापक रणनीति तैयार की है। इसी क्रम में शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में पाली ब्लॉक की ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के निर्देशन में आयोजित हुई, जिसमें एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीत कुमार गुर्जर, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. उजमा जबीन और पाली बीसीएमओ डॉ. सूर्यवीर सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीत कुमार गुर्जर ने बताया कि 11 से 18 जुलाई तक जिले में विश्व जनसंख्या दिवस सप्ताह मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या की चुनौतियों से निपटने के लिए परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और किशोर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि परिवार कल्याण सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर छोटे और स्वस्थ परिवार की अवधारणा को मजबूत बनाया जाए।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. उजमा जबीन ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) की समीक्षा करते हुए ग्रामीण सेवा शिविरों में अधिक से अधिक टीबी स्क्रीनिंग, एक्स-रे, CBNAAT और TrueNAT जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी मरीजों की समय पर पहचान, उपचार, निक्षय मित्र बनाने और निक्षय पोषण किट उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

साथ ही टीबी मरीजों की एचआईवी, वीडीआरएल और सिफिलिस जांच समय पर कराने तथा सभी मामलों की नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग ने स्वास्थ्य अधिकारियों को बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी चिकित्सा टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में एंटी-लार्वा गतिविधियां तेज करने और लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया।

बैठक में एसटीएस महावीर सिंह ने स्वास्थ्यकर्मियों को नवीन निक्षय ऐप, ABHA ID (आभा आईडी) बनाने, DOTS पद्धति से टीबी मरीजों के उपचार, समयबद्ध फॉलोअप और डिजिटल रिपोर्टिंग की विस्तृत जानकारी दी।

अधिकारियों ने सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में जपाईगो के माधव सिंह, ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर नाथूलाल बामनिया, रमेश कुमार, विक्रम सिंह, विनोद मालवीय, नीतू कुमारी सहित पाली ब्लॉक के चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग ऑफिसर, एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी कार्मिकों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए टीबी मुक्त भारत, जनसंख्या स्थिरीकरण और स्वस्थ एवं सशक्त राजस्थान के लक्ष्य को सफल बनाने का आह्वान किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button