google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली डिस्ट्रिक्ट क्लब में विकास की नई उड़ान, बॉक्स क्रिकेट एरीना और रूफटॉप रेस्टोरेंट परियोजना का होगा शुभारंभ

पाली : शहर के प्रतिष्ठित डिस्ट्रिक्ट क्लब में सोमवार, 13 जुलाई को विकास और आधुनिक सुविधाओं के नए दौर की शुरुआत होने जा रही है। क्लब परिसर में सदस्यों के लिए अत्याधुनिक बॉक्स क्रिकेट एरीना का शुभारंभ किया जाएगा, वहीं आधुनिक सुविधाओं से युक्त न्यू रूफटॉप रेस्टोरेंट का भूमि पूजन भी इसी अवसर पर होगा। कार्यक्रम में क्लब की भावी विकास योजनाओं को समाहित करते हुए क्लब विकास ब्रोशर का भी विमोचन किया जाएगा।

डिस्ट्रिक्ट क्लब के सचिव पुनीत मुथा ने बताया कि क्लब लगातार अपने सदस्यों को बेहतर खेल, मनोरंजन और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार शाम 4 बजे आयोजित समारोह में नव-निर्मित बॉक्स क्रिकेट एरीना का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे क्लब के सदस्यों को आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि क्लब परिसर में बनने वाले रूफटॉप रेस्टोरेंट का निर्माण आधुनिक डिजाइन और सुविधाओं के साथ किया जाएगा। यह रेस्टोरेंट क्लब सदस्यों और उनके परिवारों के लिए एक नया आकर्षण बनेगा तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी बेहतर विकल्प उपलब्ध कराएगा।

समारोह के दौरान क्लब की वर्तमान उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं पर आधारित क्लब विकास ब्रोशर का भी विमोचन किया जाएगा, जिसमें क्लब की गतिविधियों, नई परियोजनाओं और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई है।

इस अवसर पर क्लब के पदेन अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके सान्निध्य में आयोजित यह कार्यक्रम क्लब के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में क्लब निदेशक विवेक मेहता, राजेश पाटनेचा, प्रदीप सांड, ऋषि बोहरा, ऋषभ तलसेरा, सुमित कवाड़, लवकेश कोठारी, नितिन चोपड़ा, प्रशांत मुथा, हर्ष लोढ़ा, विमल मूंदड़ा, शेर सिंह और अंकित पारख सहित कई पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

डिस्ट्रिक्ट क्लब प्रबंधन का मानना है कि नई खेल और आधुनिक अधोसंरचना सुविधाओं के जुड़ने से क्लब की पहचान और मजबूत होगी तथा सदस्यों को बेहतर अनुभव मिलने के साथ पाली में खेल एवं सामाजिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button