सेवा सप्ताह में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, विहिप-बजरंग दल ने मंदिर परिसर में किया वृक्षारोपण

पाली : पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल, पाली द्वारा सेवा सप्ताह के तहत रविवार को टैगोर नगर स्थित श्री अम्बे माता एवं रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
जिला प्रचार प्रमुख मनीष सेन ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परमेश्वर जोशी (प्रांत मंत्री, विश्व हिन्दू परिषद, जोधपुर प्रांत) एवं राजेन्द्र सिंह भाटी (प्रांत उपाध्यक्ष, विश्व हिन्दू परिषद, जोधपुर प्रांत) रहे। दोनों अतिथियों ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए। हर व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे को पेड़ बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर एवं आसपास हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न पौधे लगाए तथा लोगों को जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर जिला मंत्री बाबूलाल कुमावत, देवीसिंह चौहान, सुखसिंह भाटी, प्रेम सिंह पंवार, लादुसिंह चौहान, उगम सिंह चौहान, शैतान सिंह राठौड़, गोविन्द सिंह चारण, अशोक सोनी, जितेंद्र सोलंकी, श्रवण भिलवारा, श्रवण रावल, प्रमोद गॉड सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता, मोहल्लेवासी एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा और जनजागरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि समाज में सेवा, संस्कार और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता को और अधिक मजबूत किया जा सके।



